नाहन : औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब के सढौरा रोड पर एक कंपनी के सिक्योरिटी गार्ड पर जानलेवा हमला करने और चाकू मारने का गंभीर मामला सामने आया है। वारदात को अंजाम देने का आरोप पीड़ित के ही साथ काम करने वाले एक सहकर्मी पर लगा है। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में अरुण कुमार (पुत्र तरसेम सिंह), निवासी गांव रत्तुवाला (यमुनानगर, हरियाणा) ने बताया कि वह पिछले दो महीनों से कालाअंब स्थित वी-जॉन (V-John) कंपनी में बतौर सिक्योरिटी गार्ड तैनात है। गत 23 सितंबर की शाम 8 बजे ड्यूटी खत्म करने के बाद वह घर लौटने के लिए काला आंब चौक सढौरा रोड पहुंचा और एक बाइक सवार से लिफ्ट ली।

जैसे ही बाइक हिमालयन कॉलेज से आगे सढौरा रोड पर पहुंची, पीछे से एक बाइक पर दो युवक आए और उनका रास्ता रोक लिया। बाइक पर सवार दोनों युवकों ने अरुण के साथ मारपीट की कोशिश की। इस दौरान अरुण ने उनमें से एक युवक की पहचान चेतन (निवासी डेरा) के रूप में की, जो उसी की कंपनी में काम करता है। अरुण वहां से किसी तरह भागकर वापस अपनी कंपनी पहुंचा और पूरी आपबीती दूसरे सिक्योरिटी गार्ड राहुल को बताई।
इसके बाद राहुल अपने मोटरसाइकिल पर अरुण को घर छोड़ने जा रहा था। जैसे ही वे कंपनी से थोड़ा आगे बढ़े, चेतन और उसके साथी ने उनका दोबारा रास्ता रोक लिया। आरोपियों ने अरुण के साथ लात-घूंसों से मारपीट शुरू कर दी और इसी दौरान चेतन ने अरुण की पीठ पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया, जिससे वह लहूलुहान होकर मौके पर ही गिर पड़ा।
घटना के बाद पीड़ित को उपचार के लिए ले जाया गया। पुलिस थाना कालाअंब में शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और आगामी कानूनी कार्रवाई की जा रही है।