नाहन : सिरमौर जिले के औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब के तहत पडने वाले गांव खैर वाला (विक्रमबाग) में जमीन विवाद को लेकर मारपीट और एक महिला के कपड़े फाड़ने का बेहद गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत के आधार पर पुलिस थाना काला आम्ब में आरोपियों के खिलाफ मामला पंजीकृत कर आगामी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव खैर वाला (विक्रमबाग) की रहने वाली फातिमा पत्नी आशिक अली ने पुलिस थाना काला आम्ब में इस संबंध में औपचारिक शिकायत दर्ज करवाई है। शिकायतकर्ता महिला का कहना है कि बीते कल उसके पड़ोसी—मायनुदिन, उसकी पत्नी खदेजा, उसके भाई की पत्नी फरमिदा और फिरयाद—कथित तौर पर जबरन उसकी मालिकाना जमीन में दाखिल हो गए और वहां काम करने लगे।

पीड़िता फातिमा ने बताया कि जब उसने पड़ोसियों को अपनी जमीन में बिना अनुमति काम करने से रोका और विरोध जताया, तो वे उग्र हो गए। इसके बाद उक्त चारों आरोपियों ने मिलकर उसके साथ लात-घूसों से बुरी तरह मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान आरोपियों ने उसके साथ बदसलूकी करते हुए उसके कपड़े भी फाड़ दिए, जिससे महिला को शरीर पर कई गंभीर चोटें आई हैं।
घटना के तुरंत बाद पीड़िता ने पुलिस थाना कालाअंब पहुंचकर आपबीती सुनाई और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं के तहत अभियोग पंजीकृत कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पीड़िता का मेडिकल करवाया गया है और मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है। गवाहों के बयान दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।