नाहन : अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस थाना कालाअंब की टीम ने मोगीनंद क्षेत्र में एक महिला को अवैध शराब सहित पकड़ने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने महिला के कब्जे से कुल 8 बोतलें देशी शराब बरामद कर उसके खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, बीते कल जब कालाअंब पुलिस की टीम इलाके में गश्त पर थी। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि तोता देवी पुत्री बंसी राम, निवासी गांव सलानी, डाकघर सैनवाला, तहसील नाहन, जिला सिरमौर मोगीनंद में नायरा होटल के साथ एक दुकान/खोखा चलाती है और वहां अवैध रूप से शराब बेचने का काम करती है। सूचना थी कि यदि तुरंत उक्त खोखे की तलाशी ली जाए, तो वहां से शराब बरामद हो सकती है।

गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नायरा होटल के साथ स्थित उक्त खोखे के पास दबिश दी। तलाशी के दौरान पुलिस टीम ने मौके पर मौजूद महिला तोता देवी के कब्जे से कुल 8 बोतलें देशी शराब बरामद कीं।
एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने मामले की पुस्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने बरामद शराब को कब्जे में ले लिया है और आरोपी महिला के विरुद्ध पुलिस थाना कालाअंब में हिमाचल प्रदेश आबकारी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है। पुलिस द्वारा मामले में आगामी जांच की जा रही है।