कुछ गिरफ्तारियां कर आंखों में धूल झोंक रही भाजपा, राम मंदिर मामले में नाहन में बोले विकास कलटा

नाहन : राम मंदिर निर्माण के लिए जुटाए गए चंदे और देश की सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षा ‘नीट’ (NEET) को लेकर एक बार फिर सियासत पूरी तरह गरमा गई है। नाहन में हिमाचल प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार के राजनीतिक सलाहकार विकास कलटा ने एक प्रेस वार्ता के दौरान भारतीय जनता पार्टी और केंद्र सरकार पर तीखे हमले किए। उन्होंने राम मंदिर चढ़ावे और ट्रस्ट से जुड़े कथित जमीन खरीद-फरोख्त मामले की निष्पक्ष जांच की मांग उठाई है, साथ ही नीट परीक्षा में हुई गड़बड़ियों को लेकर केंद्र सरकार को आड़े हाथों लिया।

उन्होंने कहा कि भगवान राम के नाम पर देशभर के करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था के साथ खिलवाड़ किया गया है। श्रद्धालुओं ने अपनी गाढ़ी कमाई से मंदिर निर्माण के लिए चंदा दिया, लेकिन अब उसी धन के उपयोग और ट्रस्ट से जुड़े जमीन सौदों पर बड़े सवाल खड़े हो रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ बिचौलियों द्वारा सस्ते दामों पर जमीन खरीद कर ट्रस्ट को बहुत महंगे दामों में बेची गई, जो सीधे तौर पर एक बड़ा घोटाला है।

विकास कलटा ने भाजपा सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि इस मामले में कुछ लोगों को गिरफ्तार कर केवल जनता की आंखों में धूल झोंकने का प्रयास किया जा रहा है, जबकि असली चेहरों को छुपाया जा रहा है। उन्होंने मांग की कि इस पूरे जमीन सौदे और चढ़ावे की निष्पक्ष व उच्च स्तरीय जांच होनी चाहिए ताकि सच सामने आ सके। उन्होंने ऐलान किया कि कांग्रेस पार्टी इस पूरे मामले को लेकर शांत नहीं बैठेगी और जल्द ही इस मुद्दे पर अपना आगामी ‘एक्शन प्लान’ भी जारी करने जा रही है।

राम मंदिर मुद्दे के साथ-साथ विकास कलटा ने देश में चल रहे नीट (NEET) परीक्षा विवाद को लेकर भी केंद्र सरकार पर कड़ा निशाना साधा। उन्होंने कहा कि यह मामला सिर्फ 23 लाख विद्यार्थियों की परीक्षा का नहीं है, बल्कि यह देश के करीब 23 लाख परिवारों के भविष्य और उनकी उम्मीदों से जुड़ा हुआ संवेदनशील सवाल है। परीक्षाओं में हो रही धांधलियों ने युवाओं के भरोसे को तोड़ा है।

विकास कलटा ने आगामी रणनीति का खुलासा करते हुए बताया कि छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस मुद्दे को लेकर कांग्रेस की छात्र इकाई एनएसयूआई (NSUI) और यूथ कांग्रेस मिलकर प्रदेश भर के स्कूलों और कॉलेजों में जाकर एक बड़ा जागरूकता अभियान शुरू करने जा रही है। इस अभियान के माध्यम से छात्रों और उनके परिवारों को जागरूक किया जाएगा और पीड़ित छात्रों की आवाज़ को सड़क से लेकर सदन तक पूरी मजबूती के साथ उठाया जाएगा।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।