गुरुकुल इंटरनेशनल सोलन में रसायन विज्ञान पर दो दिवसीय CBSE कार्यशाला संपन्न

Photo of author

By Hills Post

सोलन: गुरुकुल इंटरनेशनल सीनियर सेकेंडरी स्कूल, सोलन में सीबीएसई–सीओई (CBSE-COE) पंचकूला के तत्वावधान में वरिष्ठ माध्यमिक स्तर पर रसायन विज्ञान विषय पर दो दिवसीय क्षमता निर्माण कार्यशाला का आयोजन 8 और 9 अगस्त 2026 को किया गया। कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य शिक्षकों को रसायन विज्ञान के शिक्षण को अधिक प्रभावी, व्यावहारिक और विद्यार्थी-केंद्रित बनाने के लिए नवीन शिक्षण विधियों से परिचित कराना रहा।

कार्यशाला में सीबीएसई द्वारा नामित संसाधन व्यक्तियों सुश्री पूजा ठाकुर (सीबीएसई संसाधन व्यक्ति एवं शिक्षाविद्) तथा सुश्री अमनप्रीत सैनी (रसायन विज्ञान शिक्षिका, अकाल अकादमी, बरू साहिब) ने मुख्य प्रस्तोता के रूप में शिक्षकों का मार्गदर्शन किया। दो दिवसीय कार्यशाला के दौरान शिक्षकों ने विभिन्न शैक्षणिक और गतिविधि-आधारित सत्रों में सक्रिय सहभागिता निभाई। इस दौरान रसायन विज्ञान की जटिल अवधारणाओं को आसान व रोचक ढंग से विद्यार्थियों तक पहुँचाने की रणनीतियों और कक्षा-कक्ष में प्रयोगात्मक व गतिविधि-आधारित शिक्षण को बढ़ावा देने पर विस्तृत चर्चा हुई। शिक्षकों ने परस्पर संवाद, समूह गतिविधियों और नवीन शैक्षणिक तकनीकों में उत्साहपूर्वक भाग लिया।

विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती सागरिका बक्शी ने दोनों संसाधन व्यक्तियों का आभार व्यक्त करते हुए इस कार्यशाला को शिक्षकों के पेशेवर विकास के लिए अत्यंत उपयोगी और ज्ञानवर्धक बताया। उन्होंने शिक्षकों को कार्यशाला में सीखे गए कौशल और तकनीकों को कक्षाओं में लागू करने के लिए प्रेरित किया। दो दिवसीय कार्यशाला का समापन सकारात्मक ऊर्जा और रसायन विज्ञान शिक्षण को अधिक विद्यार्थी-केंद्रित व रोचक बनाने के संकल्प के साथ हुआ।

Photo of author

Hills Post

हम उन लोगों और विषयों के बारे में लिखने और आवाज़ बुलंद करने का प्रयास करते हैं जिन्हे मुख्यधारा के मीडिया में कम प्राथमिकता मिलती है ।