गुरुकुल सोलन में सहयोगियों के सम्मान में मना श्रमिक दिवस

Photo of author

By Hills Post

सोलन: समाज के निर्माण में अपना पसीना बहाने वाले कर्मयोगियों के सम्मान में गुरुकुल इंटरनेशनल सीनियर सेकेंडरी स्कूल, सोलन के प्रांगण में मंगलवार, 30 अप्रैल 2026 को श्रमिक दिवस अत्यंत गरिमा और आत्मीयता के साथ मनाया गया। विद्यालय में यह दिवस केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि एक परिवार के रूप में मनाया गया, जहाँ कार्यरत कर्मचारियों को श्रमिक के बजाय ‘सहयोगी’ मानकर उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त की गई। इस विशेष अवसर पर विद्यालय के चेयरमैन सुनील गर्ग और दिनेश गर्ग विशेष रूप से उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के सहयोगियों द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद विद्यार्थियों ने एक मर्मस्पर्शी नृत्य-नाटिका प्रस्तुत की, जिसने दर्शकों को भावविभोर कर दिया। इस नाटिका के माध्यम से छात्रों ने दिखाया कि कैसे ये सहयोगी पर्दे के पीछे रहकर संस्थान के स्तंभ के रूप में कार्य करते हैं और उनके बिना विद्यालय की व्यवस्था की कल्पना करना असंभव है।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण सम्मान समारोह रहा, जिसमें विद्यालय के प्रत्येक सहयोगी को उनके अनुशासन और निष्ठापूर्ण सेवा के लिए विशेष उपाधियाँ और सम्मान-पत्र प्रदान किए गए। विद्यार्थियों ने सहयोगियों के लिए विशेष खेल और मनोरंजक गतिविधियाँ आयोजित कीं, जिसमें सभी ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यालय की अतिथि देवो भव की परंपरा को निभाते हुए सभी सहयोगियों को सप्रेम उपहार भेंट किए गए और उनके सम्मान में एक विशेष स्नेह भोज (लंच) का आयोजन किया गया।

चेयरमैन दिनेश गर्ग ने अपने संबोधन में सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि किसी भी संस्था की सच्ची शक्ति उसकी इमारत नहीं, बल्कि वे सहयोगी होते हैं जो निस्वार्थ भाव से अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हैं। गुरुकुल परिवार आज जहाँ खड़ा है, उसमें इन सहयोगियों के समर्पण और अथक परिश्रम का बहुत बड़ा योगदान है।

यह आयोजन न केवल एक उत्सव था, बल्कि विद्यार्थियों के लिए एक व्यावहारिक पाठ भी था, जिससे उन्होंने श्रम का सम्मान करना और मानवीय मूल्यों की कद्र करना सीखा। विद्यालय के चेयरमैन सुनील गर्ग ने भी सहयोगियों की निष्ठा की सराहना की। पूरे कार्यक्रम के दौरान वातावरण उल्लास और पारस्परिक सम्मान की भावना से ओतप्रोत रहा।

Photo of author

Hills Post

हम उन लोगों और विषयों के बारे में लिखने और आवाज़ बुलंद करने का प्रयास करते हैं जिन्हे मुख्यधारा के मीडिया में कम प्राथमिकता मिलती है ।