गुरुकुल स्कूल सोलन में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया ओणम और रक्षाबंधन

Photo of author

By Hills Post

सोलन: गुरुकुल इंटरनेशनल सीनियर सेकेंडरी स्कूल, सोलन में एक भारत श्रेष्ठ भारत की भावना को चरितार्थ करते हुए एक विशेष और भव्य प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर देश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और विविधता में एकता का संदेश देते हुए ओणम एवं रक्षाबंधन का पर्व अत्यंत उत्साह के साथ मनाया गया।

विशेष प्रार्थना सभा में छठी से नौवीं कक्षा तक के विद्यार्थियों ने मनमोहक नृत्यों, मधुर गीतों, प्रभावशाली भाषणों और आकर्षक वेशभूषा के जरिए केरल की लोक संस्कृति (ओणम) और भाई-बहन के पवित्र प्रेम के प्रतीक (रक्षाबंधन) को जीवंत कर दिया। प्रस्तुतियों के माध्यम से विद्यार्थियों ने यह रेखांकित किया कि भारत की सांस्कृतिक विविधता ही देश की सबसे बड़ी ताकत और पहचान है। कार्यक्रम के दौरान दोनों पर्वों के ऐतिहासिक व सामाजिक महत्व पर भी प्रकाश डाला गया और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया गया।

विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती सागरिका बख्शी ने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि भारत विभिन्न संस्कृतियों का देश होने के बावजूद आत्मिक रूप से एक है। उन्होंने छात्रों को अपनी गौरवशाली परंपराओं को संजोकर रखने के लिए प्रेरित किया। यह आयोजन विद्यार्थियों के लिए बेहद प्रेरणादायक और सांस्कृतिक समरसता को बढ़ावा देने वाला रहा।

Photo of author

Hills Post

हम उन लोगों और विषयों के बारे में लिखने और आवाज़ बुलंद करने का प्रयास करते हैं जिन्हे मुख्यधारा के मीडिया में कम प्राथमिकता मिलती है ।