रामपुर के जीबी पंत कॉलेज ग्राउंड में हाइड्रोसीडिंग से लहलहाएगी बरमूड़ा घास

Photo of author

By Hills Post

रामपुर बुशहर: जीबी पंत मैमोरियल पीजी कॉलेज रामपुर के खेल मैदान को आधुनिक रूप देने के लिए वन विभाग द्वारा हाइड्रोसीडिंग (Hydroseeding) तकनीक से बरमूड़ा घास उगाने का कार्य तेजी से चल रहा है। गत 20 अगस्त से शुरू किए गए इस प्रयास से अब मैदान में हरियाली दिखने लगी है, और आगामी 7 से 10 दिनों के भीतर मैदान पूरी तरह तैयार हो जाएगा जिससे खिलाड़ियों को उत्कृष्ट खेल सुविधाएं मिल सकेंगी।

यह विशेष कार्य आगामी 11 से 13 सितंबर तक इसी मैदान में आयोजित होने जा रही हिमाचल प्रदेश वन विभाग की 27वीं वार्षिक स्पोर्ट्स मीट के मद्देनजर किया जा रहा है। आयोजन को सफल बनाने के लिए रामपुर वन वृत्त के कर्मचारियों ने मैदान की दीवारों और चारों तरफ विशेष सफाई अभियान चलाकर इसे नया स्वरूप दिया है।

अरण्यपाल रामपुर वन वृत्त सीबी ताशीलदार ने इस अभियान में जुटे सभी अधिकारियों, वन रक्षकों, वन मित्रों और अन्य कर्मचारियों के समर्पण की सराहना की है। उन्होंने रामपुर की जनता और कॉलेज प्रशासन से अपील की है कि वन विभाग की स्पोर्ट्स मीट संपन्न होने के बाद भी इस खेल मैदान के रखरखाव और संरक्षा का विशेष ध्यान रखा जाए, ताकि यह सुंदर मैदान हमेशा उपयोग के योग्य बना रहे।

Photo of author

Hills Post

हम उन लोगों और विषयों के बारे में लिखने और आवाज़ बुलंद करने का प्रयास करते हैं जिन्हे मुख्यधारा के मीडिया में कम प्राथमिकता मिलती है ।