दाड़लाघाट में कार से अफीम बरामद, सोलन और शिमला के दो युवक गिरफ्तार

Photo of author

By Hills Post

सोलन: जिला सोलन के अंतर्गत आने वाले पुलिस थाना दाड़लाघाट की टीम ने नियमित यातायात चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध कार को रोककर दो युवकों के कब्जे से 21.50 ग्राम अफीम बरामद की है। पकड़े गए आरोपियों में एक सोलन और दूसरा शिमला जिला का रहने वाला है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को दाड़लाघाट थाने की एक टीम कानून व्यवस्था और यातायात नियमों की पालना सुनिश्चित करने के लिए क्षेत्र में नाकेबंदी पर थी। इसी दौरान हाईवे से गुजर रही एक संदिग्ध गाड़ी को जांच के लिए रोका गया। जब पुलिस टीम ने वाहन की गहनता से तलाशी ली, तो उसमें सवार दो व्यक्तियों के पास से 21.50 ग्राम अफीम बरामद हुई। पुलिस ने बिना देरी किए अफीम को तौलकर उसे सील कर दिया।

आरोपियों की हुई पहचान अरुण कुमार (28 वर्ष) पुत्र श्री प्रेम लाल, निवासी गांव व डाकघर पारनू, तहसील अर्की, जिला सोलन तथा अजय कुमार (32 वर्ष) पुत्र श्री प्रेम लाल, निवासी गांव दाडगी, डाकघर सैंज, तहसील सुन्नी, जिला शिमला के रूप में हुई है। दाड़लाघाट पुलिस ने मादक पदार्थ नियंत्रण कानून के तहत मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है। इसके साथ ही, अफीम की तस्करी के लिए इस्तेमाल की जा रही कार को भी पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया के तहत जब्त कर अपने कब्जे में ले लिया है।

गिरफ्तारी के बाद दाड़लाघाट पुलिस की जांच टीम ने दोनों आरोपियों से थाने में कड़ी पूछताछ की। पुलिस अब इस मामले के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज को खंगालने में जुट गई है। इस बात की गहनता से तफ्तीश की जा रही है कि आरोपी यह अफीम कहां से खरीद कर लाए थे और इसे आगे सोलन या शिमला के किन क्षेत्रों में सप्लाई किया जाना था। इसके साथ ही दोनों आरोपियों का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी खंगाला जा रहा है ताकि इनके पूरे ड्रग नेटवर्क को ध्वस्त किया जा सके। मामले की आगामी जांच लगातार जारी है।

Photo of author

Hills Post

हम उन लोगों और विषयों के बारे में लिखने और आवाज़ बुलंद करने का प्रयास करते हैं जिन्हे मुख्यधारा के मीडिया में कम प्राथमिकता मिलती है ।