सोलन: नशा मुक्त हिमाचल अभियान के तहत जिला सोलन की दाड़लाघाट पुलिस (SIU टीम) ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए दो युवकों को भारी मात्रा में अफीम के साथ दबोचा है। पकड़े गए आरोपियों में से एक बिलासपुर और दूसरा पड़ोसी राज्य हरियाणा का रहने वाला है।

घटना 4 और 5 मई 2026 की मध्यरात्रि की है। पुलिस की विशेष अन्वेषण इकाई को क्षेत्र में नशे की खेप ले जाने की गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना मिलते ही टीम ने प्रभावी रणनीति के साथ क्षेत्र में नाकेबंदी कर दी और वाहनों की सघन चेकिंग शुरू की। चेकिंग के दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार दो युवकों को रोका गया। तलाशी लेने पर उनके कब्जे से 485 ग्राम अफीम बरामद हुई।
आरोपियों की पहचान मुकेश कुमार (31 वर्ष), निवासी गाँव सोहरी, बिलासपुर और गौरव (29 वर्ष), निवासी कालका, पंचकुला (हरियाणा) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मादक द्रव्य अधिनियम (NDPS Act) के तहत अभियोग पंजीकृत कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल को भी पुलिस ने कब्जे में लेकर जब्त कर लिया है। पुलिस अब इस मामले के हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है।
दोनों आरोपियों को आज माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है, जहाँ पुलिस उनके रिमांड की मांग करेगी। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि अफीम की यह इतनी बड़ी खेप कहाँ से लाई गई थी और इसे आगे कहाँ सप्लाई किया जाना था। आरोपियों के पुराने रिकॉर्ड को भी खंगाला जा रहा है ताकि यह पता चल सके कि वे किसी बड़े ड्रग सिंडिकेट का हिस्सा तो नहीं हैं।