देव कुरगन मंदिर से दानपात्र चोरी का मामला सुलझा, 62 वर्षीय बुजुर्ग गिरफ्तार

Photo of author

By Hills Post

सोलन: हिमाचल प्रदेश के सोलन जिला में पुलिस ने देव कुरगन मंदिर में हुई चोरी की गुत्थी सुलझा ली है। इस मामले में पुलिस ने एक 62 वर्षीय बुजुर्ग को गिरफ्तार किया है और चोरी की गई नकदी भी बरामद कर ली है।

पुलिस के अनुसार, कुनिहार निवासी ललित मोहन ठाकुर ने कुनिहार पुलिस थाने में चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने पुलिस को बताया कि 18 अक्टूबर को दिन के समय किसी ने कोठी गांव स्थित देव कुरगन मंदिर में घुसकर दानपात्र से करीब 7,000 रुपये की नकदी चुरा ली है।

शिकायत मिलते ही कुनिहार पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। पुलिस टीम ने मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को बारीकी से खंगाला और तकनीकी साक्ष्यों की मदद ली। इन्हीं सबूतों के आधार पर पुलिस ने चोरी में शामिल आरोपी की पहचान कर ली और उसकी तलाश शुरू की।

पुलिस की लगातार कोशिशों के बाद आरोपी खेम चन्द को गिरफ्तार कर लिया गया। 62 वर्षीय खेम चन्द सोलन जिले की तहसील के तहत आने वाले गांव तंगड़ी डाकखाना भारती के रहने वाले हैं और उनके पिता का नाम स्वर्गीय किरपा राम है। पुलिस ने गिरफ्तारी के बाद उनके पास से चुराई गई नकदी भी बरामद कर ली है।

आज आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। फिलहाल पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है और आरोपी का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी खंगाला जा रहा है।

Photo of author

Hills Post

हम उन लोगों और विषयों के बारे में लिखने और आवाज़ बुलंद करने का प्रयास करते हैं जिन्हे मुख्यधारा के मीडिया में कम प्राथमिकता मिलती है ।