द लॉरेंस स्कूल सनावर के 179वें फाउंडर्स डे का दूसरा दिन, हिमालय हाउस का दबदबा

Photo of author

By Hills Post

सोलन: दुनिया के प्रतिष्ठित को-एजुकेशनल रेजिडेंशियल स्कूलों में शुमार द लॉरेंस स्कूल, सनावर में चल रहे तीन दिवसीय 179वें फाउंडर्स डे समारोह के दूसरे दिन रविवार को वार्षिक एथलेटिक मीट और रंगारंग टैटू शो आकर्षण का मुख्य केंद्र रहे। खेल मैदान पर करीब 700 छात्रों ने विभिन्न ट्रैक एंड फील्ड स्पर्धाओं में उत्साहपूर्वक हिस्सा लेकर उत्कृष्ट खेल भावना, अनुशासन और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का शानदार परिचय दिया।

समारोह के दूसरे दिन आयोजित वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता में ओल्ड सनावेरियन और 1971 बैच के पूर्व छात्र लेफ्टिनेंट कर्नल जसपाल सिंह संधू ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। छात्रों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि विद्यालय स्तर पर मिलने वाले खेल के अवसर भविष्य में एक सफल खेल करियर की दिशा में आगे बढ़ने का मजबूत मंच साबित हो सकते हैं। उन्होंने सनावर की उस समृद्ध खेल विरासत का विशेष रूप से उल्लेख किया, जिसने देश को कई अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी दिए हैं। इसके साथ ही उन्होंने सभी छात्रों से अपने खेल के सपनों को पूरे समर्पण और दृढ़ आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ाने का आह्वान किया।

वार्षिक एथलेटिक मीट में विभिन्न आयु वर्गों के विद्यार्थियों ने ट्रैक एंड फील्ड स्पर्धाओं में अपनी बेहतरीन खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। चारों हाउस के बीच हुई इस कड़ी खेल प्रतियोगिता में हिमालय हाउस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ओवरऑल विजेता का खिताब अपने नाम किया। व्यक्तिगत स्पर्धाओं में कलिंगा कप के विजेता चेतन सिंह को सर्वश्रेष्ठ पुरुष एथलीट घोषित किया गया, जबकि बाला कप की विजेता किमाया कोचर को सर्वश्रेष्ठ महिला एथलीट के खिताब से नवाजा गया। इसके पश्चात मुख्य अतिथि लेफ्टिनेंट कर्नल जसपाल सिंह संधू ने स्कूल की हेडमास्टर रुचि प्रधान दत्ता और ओल्ड सनावेरियन सोसाइटी के अध्यक्ष ब्रिगेडियर (सेवानिवृत्त) आदर्श बुटेल की गरिमामयी उपस्थिति में विभिन्न वर्गों के विजेताओं को पुरस्कृत कर सम्मानित किया।

दिन के कार्यक्रमों में ओल्ड सनावेरियंस की भागीदारी भी विशेष आकर्षण का केंद्र रही। विद्यालय के पूर्व छात्रों ने मैदान पर उतरकर युवा पीढ़ी के साथ पूरे उत्साह और प्रतिस्पर्धी भावना से खेलों में हिस्सा लिया और अपनी पुरानी यादों को ताजा किया। इसके अलावा, अभिभावकों और अतिथियों के लिए विद्यालय परिसर में विभिन्न प्रदर्शनियों के साथ एक भव्य स्कूल फेटे (मेले) का भी आयोजन किया गया। इसमें छात्रों, अभिभावकों, पूर्व छात्रों और स्कूल स्टाफ ने मिलकर सनावर की समृद्ध परंपराओं और सामुदायिक सौहार्द का जश्न मनाया।

दिनभर की खेल गतिविधियों के बाद रविवार की शाम बेहद खास रही, जिसका समापन एक शानदार टैटू कार्यक्रम के साथ हुआ। इस मनमोहक कार्यक्रम में लगभग 600 छात्रों ने लाइट एंड साउंड शो के बीच रंगारंग टेक्नो-डांस और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से मंच पर समां बांध दिया। छात्रों की बेहतरीन कोरियोग्राफी, असीम ऊर्जा और रचनात्मकता ने वहां मौजूद सभी दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इस बेजोड़ प्रस्तुति के साथ यह शाम सनावर की प्रतिभा, पुरानी परंपराओं और युवा जोश से भरपूर एक यादगार पल में तब्दील हो गई।

ज्ञात हो कि तीन से पांच अक्टूबर तक चलने वाले इस 179वें फाउंडर्स डे समारोह का भव्य समापन सोमवार को होगा। अंतिम दिन नौसेना प्रमुख (चीफ ऑफ द नेवल स्टाफ) एडमिरल कृष्णा स्वामीनाथन बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित रहेंगे। उनके संबोधन और ऐतिहासिक ‘ट्रूपिंग ऑफ द स्कूल फ्लैग’ की पारंपरिक रस्म के साथ इस तीन दिवसीय भव्य आयोजन का समापन किया जाएगा।

Photo of author

Hills Post

हम उन लोगों और विषयों के बारे में लिखने और आवाज़ बुलंद करने का प्रयास करते हैं जिन्हे मुख्यधारा के मीडिया में कम प्राथमिकता मिलती है ।