धर्मपुर कॉलेज में 11वां वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह आयोजित

Photo of author

By Hills Post

सोलन: राजकीय उत्कृष्ट महाविद्यालय धर्मपुर, सोलन में सत्र 2025-26 का 11वां वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह बड़े ही उत्साह और गरिमामयी वातावरण में आयोजित किया गया। इस विशेष समारोह में कसौली के विधायक विनोद सुल्तानपुरी ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की।

समारोह के दौरान विधायक विनोद सुल्तानपुरी ने जामुन का पौधा रोपकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने NSS इकाई के स्वयंसेवकों द्वारा किए जा रहे उत्कृष्ट सामाजिक कार्यों की भूरि-भूरि प्रशंसा की। अपने संबोधन में उन्होंने मेधावी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल डिग्री प्राप्त करना नहीं, बल्कि समाज के प्रति एक जिम्मेदार नागरिक बनना है। विद्यार्थी अनुशासन, परिश्रम और सकारात्मक सोच के साथ अपने लक्ष्य की ओर बढ़ें। निष्ठा से किया गया कार्य ही आत्म-संतुष्टि और सच्ची सफलता दिलाता है। इससे पूर्व महाविद्यालय परिसर पहुँचने पर स्वयंसेवी रौनक और ट्विंकल के नेतृत्व में स्वयंसेवकों ने मुख्य अतिथि को गार्ड ऑफ ऑनर दिया।

महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. सुनीता गोयल ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया और संस्थान की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की। उन्होंने वर्ष भर में शैक्षणिक, खेल, सांस्कृतिक और अन्य गतिविधियों में महाविद्यालय की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय विद्यार्थियों के समग्र व्यक्तित्व विकास और आधुनिक शैक्षणिक सुविधाएं प्रदान करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

समारोह के दौरान विद्यार्थियों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए, जिनमें रितिका और आदित्य का गायन, आरुषि व समूह का अर्ध-शास्त्रीय नृत्य, महक एवं सहयोगियों द्वारा घूमर व हिमाचली नाटी, तथा पायल एवं समूह द्वारा हरियाणवी नृत्य की प्रस्तुति मुख्य आकर्षण रही।

इसके उपरांत विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को मुख्य अतिथि द्वारा पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के समापन के बाद सभी अतिथियों, प्राध्यापकों और विद्यार्थियों के लिए पारंपरिक हिमाचली ‘धाम’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का अंत डॉ. सतीश नेगी के धन्यवाद प्रस्ताव के साथ हुआ।

कार्यक्रम में उपखण्ड अधिकारी महेंद्र प्रताप सिंह, डीएसपी अनिल शर्मा, राजकीय महाविद्यालय सोलन की प्राचार्या डॉ. शिवानी शर्मा, आरएफओ नीलम, पीटीए अध्यक्ष नंदलाल, विभिन्न पंचायतों के प्रधान और छात्रसंघ की अध्यक्षा हिमानी सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

Photo of author

Hills Post

हम उन लोगों और विषयों के बारे में लिखने और आवाज़ बुलंद करने का प्रयास करते हैं जिन्हे मुख्यधारा के मीडिया में कम प्राथमिकता मिलती है ।