नाहन : विद्युत उपमंडल धौलाकुआं के अंतर्गत आने वाले विभिन्न क्षेत्रों के उपभोक्ताओं को कल यानी 4 जून (गुरुवार) को बिजली कट का सामना करना पड़ेगा। आवश्यक मरम्मत और 33/11 केवी एलटी व एचटी लाइनों के रखरखाव कार्य के चलते विभाग द्वारा इस शटडाउन का फैसला लिया गया है।
धौलाकुआं सब-डिवीजन के सहायक अभियंता (SDO) सुमित चौधरी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि यदि मौसम साफ और अनुकूल रहता है, तो सुबह 9:00 बजे से लेकर शाम 6:00 बजे तक बिजली की आपूर्ति पूरी तरह से बंद रखी जाएगी।

इस 9 घंटे के लंबे शटडाउन के कारण धौलाकुआं, सैनवाला, बेहड़ेवाला, माजरा, किरतपुर, फतेहपुर, मेलियों, मिश्रवाला, जगतपुर, क्यारदा, जोहड़ों, पुरुवाला, पीपलीवाला, धारटीधर और ददाहू सहित इनके साथ लगते तमाम रिहायशी इलाकों में विद्युत सेवा बाधित रहेगी।
विद्युत विभाग ने इस असुविधा के लिए खेद प्रकट किया है और सभी उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे इस समयावधि से पहले ही अपने बिजली से जुड़े आवश्यक कार्यों को पूरा कर लें। साथ ही, शटडाउन के दौरान किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए बिजली के उपकरणों का इस्तेमाल सावधानीपूर्वक करने का आग्रह किया गया है।