धौलाकुआं में अज्ञात वाहन की टक्कर से राहगीर की मौके पर ही मौत, आरोपी फरार

नाहन : पांवटा साहिब के धौलाकुआं क्षेत्र में बीती रात एक दर्दनाक ‘हिट एंड रन’ का मामला सामने आया है। अज्ञात वाहन की टक्कर से एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई है। मृतक की शिनाख्त अभी तक नहीं हो पाई है।

जानकारी के अनुसार, 6 मई की रात रॉयल रेडिएंस रिसॉर्ट भारापुर में कार्यरत मैनेजर परीक्षित शर्मा (निवासी माजरा) अपनी ड्यूटी के बाद घर लौट रहे थे। रात के समय जब वह धौलाकुआं PNB बैंक के पास पहुंचे, तो उन्होंने सड़क पर एक व्यक्ति को उल्टा गिरा हुआ देखा। परीक्षित ने तुरंत अपनी कार रोककर मदद के लिए कदम बढ़ाया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी।

सूचना मिलते ही थाना माजरा पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। प्रारंभिक जांच में पाया गया कि किसी अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने व्यक्ति को जोरदार टक्कर मारी और चालक मौके से फरार हो गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि व्यक्ति ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

पुलिस ने इस मामले में अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 281 (लापरवाही से वाहन चलाना), 106 (लापरवाही से मृत्यु) और MV Act की धारा 187 के तहत अभियोग पंजीकृत कर लिया है। पुलिस मृतक की पहचान करने और आसपास के सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपी चालक का पता लगाने में जुटी है।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।