नालागढ़ में झाड़ियों से 21 वर्षीय युवक का शव बरामद, पुलिस जांच में जुटी

Photo of author

By पंकज जयसवाल

सोलन : हिमाचल प्रदेश के जिला सोलन स्थित पुलिस थाना नालागढ़ के तहत न्यू नालागढ़ क्षेत्र में झाड़ियों से एक युवक का संदिग्ध परिस्थितियों में शव बरामद हुआ है। शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान 21 वर्षीय अकबर (पुत्र मुस्ताक), निवासी गांव नानोवाल, डाकघर खेड़ा, तहसील नालागढ़ के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी।

प्रारंभिक जांच और शव की स्थिति को देखते हुए आशंका जताई जा रही है कि शव करीब 2 से 3 दिन पुराना है। घटनास्थल की छानबीन के दौरान पुलिस को मृतक के शव के पास से एक सिरिंज भी बरामद हुई है। घटना की खबर फैलते ही परिजन मौके पर पहुंचे, जहां मृतक के ताया ने शव की शिनाख्त अकबर के रूप में की।

पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा।

नालागढ़ पुलिस ने मामले की गहनता से जांच शुरू कर दी है। पुलिस हर संभावित पहलू को ध्यान में रखकर साक्ष्य जुटा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तफ्तीश में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।