नाहन : आस्था विशेष विद्यालय में हिमजनमंच संस्था द्वारा कला, संस्कृति व भाषा अकादमी शिमला के सौजन्य से ‘बहुभाषी कवि सम्मेलन तथा गीत गायन’ कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। इस सांस्कृतिक एवं जागरूकता कार्यक्रम में लगभग 50 दर्शकों ने भाग लिया।
कार्यक्रम में नगर परिषद नाहन की अध्यक्षा उपमा धीमान ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता हिमाचल ज्ञान-विज्ञान समिति सिरमौर के अध्यक्ष सन्तराम चौहान ने की। कार्यक्रम की शुरुआत में हिमजनमंच के अध्यक्ष के.एस. नेगी ने उपस्थित सभी अतिथियों व कलाकारों का स्वागत किया।

सांस्कृतिक संध्या का शुभारंभ मनीष कुमार ‘मुसाफिर’ ने “शिव कैलाशों के वासी…” पहाड़ी गीत प्रस्तुत कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इसके उपरांत विशाल कश्यप ने गज़ल तथा सुनील मोहित ने “कुंजू चंचलो” गीत गाकर दर्शकों की खूब वाह-वाही बटोरी। दूसरे चरण में आयोजित कवि सम्मेलन में अर्चना शर्मा, दिलीप वशिष्ठ, लायक राम शास्त्री और प्रताप पराशर ने अपनी बहुभाषी कविताओं के माध्यम से उपस्थित श्रोताओं का भरपूर मनोरंजन किया।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण नशा विरोधी नुक्कड़ नाटक रहा। कलाकार दीपचंद कौशल ने ‘तम्बाकू और चिट्टा’ पर तंज कसते हुए युवाओं, छात्र वर्ग और वरिष्ठ जनों को नशा विरोधी संदेश दिया। उनके नुक्कड़ नाटक “नशे से टूटा, जीवन से रूठा” के भावविभोर कर देने वाले प्रस्तुतिकरण ने दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर मुख्य अतिथि उपमा धीमान ने सफल आयोजन के लिए हिमजनमंच संस्था को बधाई दी और कहा कि हिमाचल सरकार नशे के उन्मूलन के लिए पूरी तरह कृतसंकल्प है। इसके बाद उन्होंने सभी कवियों और प्रतिभागी कलाकारों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
इस अवसर पर मनीष कुमार, अनस, हर्ष खान, मोनिका शर्मा, आंचल शर्मा, तौहिद, जतिन पुंडीर, आस्था स्कूल से प्रीतम जी, यूवी सहित लगभग चार दर्जन से अधिक लोग हॉल में मौजूद रहे।