नाहन : कार्मेल कान्वेंट स्कूल नाहन के इको क्लब द्वारा समाज में पर्यावरण संरक्षण और सुरक्षात्मक आदतों के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस पहल के तहत दसवीं कक्षा के लगभग 60 विद्यार्थियों ने प्राथमिक विद्यालय अमरपुर मोहल्ला, वार्ड 5 का दौरा किया और वहां एक प्रभावी व शिक्षाप्रद नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया।
यह जागरूकता अभियान कार्मेल कान्वेंट स्कूल की प्रिंसिपल सिस्टर शाइनी, शिक्षिका शेली परमार, चंदा ठाकुर, प्रियंका तथा गुलशन अहमद के नेतृत्व व मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। जीपीएस पुरबिया मोहल्ला पहुँचने पर स्कूल की मुख्य अध्यापिका किरण बाला और जेबीटी शिक्षिका मोनिका ने पूरी टीम का गर्मजोशी से स्वागत किया।

नुक्कड़ नाटक के दौरान कार्मेल कान्वेंट स्कूल के विद्यार्थियों ने बहुत ही सरल और रोचक ढंग से दैनिक जीवन से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर प्रकाश डाला। नाटक के माध्यम से बच्चों को बिजली बचाने, अधिक से अधिक पेड़ लगाने और जल संरक्षण करने का संदेश दिया गया।
इसके साथ ही, सड़क सुरक्षा और आवारा पशुओं से बचाव के व्यावहारिक तरीके भी सिखाए गए। विद्यार्थियों ने छोटे बच्चों को समझाया कि रास्ते में बंदरों, कुत्तों और गायों से बचकर सुरक्षित तरीके से कैसे निकला जाए और सड़क पार करते समय किन-किन बातों का ध्यान रखना आवश्यक है।
कार्यक्रम के दौरान मनोरंजन और संस्कृति का भी सुंदर संगम देखने को मिला। प्राथमिक विद्यालय और आंगनबाड़ी के छोटे-छोटे बच्चों ने पारंपरिक पहाड़ी गानों पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किया। नन्हे बच्चों की मासूमियत और उत्साह से भरे इस नृत्य प्रदर्शन ने वहां मौजूद सभी अध्यापकों और विद्यार्थियों का दिल जीत लिया।
जीपीएस अमरपुर मोहल्ला की मुख्य अध्यापिका किरण बाला और जेबीटी शिक्षिका मोनिका ने कार्मेल कान्वेंट स्कूल के इस प्रयास की सराहना करते हुए प्रिंसिपल सिस्टर शाइनी व पूरी टीम का धन्यवाद व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस तरह के कार्यक्रमों से बच्चों में कम उम्र से ही पर्यावरण और व्यक्तिगत सुरक्षा के प्रति संवेदनशीलता पैदा होती है।