नाहन: कालीस्थान मंदिर में 22 फरवरी को चांदी के नए गर्भ गृह में विराजी जाएंगी मां काली

Photo of author

By पंकज जयसवाल

नाहन : हिमाचल प्रदेश और पड़ोसी राज्य हरियाणा के लाखों श्रद्धालुओं की अटूट आस्था के केंद्र, ऐतिहासिक श्री सिद्ध पीठ कालीस्थान मंदिर नाहन के गर्भ गृह को अब एक नया और भव्य स्वरूप दिया जा रहा है। आज मंदिर परिसर में विधिवत पूजा-अर्चना के बाद गर्भ गृह के नवनिर्माण का कार्य श्रद्धापूर्वक शुरू किया गया।

इस विशेष निर्माण की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि माता के गर्भ गृह को पूरी तरह चांदी से सजाया जा रहा है। इस भव्य कार्य के लिए बनारस से विशेष कारीगर बुलाए गए हैं, जो अपनी बारीक नक्काशी से इसे तैयार करेंगे। मंदिर प्रबंधन के अनुसार, इस पूरे निर्माण कार्य पर लगभग एक करोड़ रुपए की राशि खर्च की जा रही है। निर्माण कार्य की समय सीमा 18 फरवरी निर्धारित की गई है, ताकि आगामी धार्मिक अनुष्ठान समय पर संपन्न हो सकें।

ऐतिहासिक कालीस्थान मंदिर के महंत किशोरी नाथ ने जानकारी देते हुए बताया कि आज सुबह विशेष पूजा के पश्चात माता की मूर्ति को अस्थाई रूप से अन्यत्र स्थान पर शिफ्ट किया गया है, ताकि गर्भ गृह के जीर्णोद्धार का कार्य निर्बाध रूप से चल सके। उन्होंने बताया कि 22 फरवरी को नवनिर्मित चांदी के गर्भ गृह में माता की मूर्ति की पुनः प्राण-प्रतिष्ठा की जाएगी।

महंत किशोरी नाथ ने आगे बताया कि इस पावन अवसर पर मंदिर में 18 फरवरी से 22 फरवरी तक विशेष पूजन का आयोजन किया जाएगा। मूर्ति स्थापना के शुभ दिन पर विशाल भंडारे का भी आयोजन होगा, जिसमें भारी संख्या में श्रद्धालुओं के जुटने की उम्मीद है। मंदिर के इस नए स्वरूप को लेकर स्थानीय लोगों और भक्तों में भारी उत्साह देखा जा रहा है।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।