नाहन को फिर से ‘नगीना शहर’ बनाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे: अजय सोलंकी

नाहन : नगर परिषद नाहन के वर्तमान कार्यकाल की प्रथम हाउस बैठक शुक्रवार को नगर परिषद अध्यक्षा उपमा धीमान की अध्यक्षता में आयोजित की गई। इस महत्वपूर्ण बैठक में स्थानीय विधायक अजय सोलंकी ने विशेष रूप से शिरकत की। बैठक के दौरान नाहन शहर के समग्र विकास, स्वच्छता, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और भविष्य की विकास योजनाओं पर विस्तृत रूप से विचार-विमर्श किया गया।

बैठक को संबोधित करते हुए विधायक अजय सोलंकी ने कहा कि एक समय नाहन शहर अपनी स्वच्छता, सुंदरता और सुव्यवस्थित व्यवस्था के कारण ‘नगीना शहर’ के नाम से प्रसिद्ध था। बीते वर्षों में शहर में जो कमियां और अव्यवस्थाएं पैदा हुई हैं, उन्हें दूर करते हुए नाहन को फिर से उसकी पुरानी गौरवशाली पहचान दिलाई जाएगी। इसके लिए नगर परिषद और प्रशासन के साथ मिलकर एक सुदृढ़ और योजनाबद्ध रणनीति के तहत कार्य किया जाएगा।

इस दौरान शहर की सफाई व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर सहमति बनी। इसके साथ ही शहर भर में खराब पड़ी स्ट्रीट लाइटों को तुरंत दुरुस्त करने, आवश्यकता अनुसार नई लाइटें लगाने, पार्किंग व्यवस्था को सुदृढ़ करने और स्ट्रीट वेंडर्स के लिए उपयुक्त स्थान चिह्नित करने पर गहन मंथन हुआ। बैठक में ऐतिहासिक रानीताल और विला राउंड के सौंदर्यकरण को लेकर भी विस्तृत खाका तैयार किया गया और सभी पार्षदों के सुझावों को विकास योजनाओं में शामिल करने का आश्वासन दिया गया।

विधायक अजय सोलंकी ने कहा कि नाहन शहर के विकास को लेकर उनका विज़न बिल्कुल स्पष्ट है। शहर की हर छोटी-बड़ी समस्या का स्थायी समाधान चरणबद्ध तरीके से धरातल पर उतारा जाएगा। उन्होंने नाहनवासियों को विश्वास दिलाया कि शहर के विकास कार्यों के लिए धन की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। प्रदेश सरकार, नगर परिषद और नाहन के लोगों के सामूहिक प्रयासों से इस ऐतिहासिक शहर को फिर से प्रदेश के सबसे सुंदर और आदर्श शहरों में शामिल किया जाएगा।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।