नाहन : संगीत के क्षेत्र में अपनी अनूठी प्रतिभा और समर्पण के बल पर नाहन के गोविंदगढ़ मोहल्ले के युवा तबला वादक मलकीत सिंह (सुपुत्र परमजीत सिंह) न केवल अपने शहर, बल्कि पूरे सिरमौर जिले का नाम रोशन कर रहे हैं। पिछले 8 से 10 वर्षों से लगातार तबला वादन कर रहे मलकीत सिंह ने हाल ही में आयोजित वामन द्वादशी महोत्सव के दौरान नाहन के ऐतिहासिक चौगान मैदान में हिमाचल प्रदेश के सुप्रसिद्ध ‘नाटी किंग’ कुलदीप शर्मा के साथ मंच साझा कर अपनी कला का शानदार प्रदर्शन किया।
मलकीत सिंह ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा शमशेर राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, नाहन से प्राप्त की है। उन्होंने अपने तबला वादन की शुरुआत भी इसी स्कूल से की थी। तब से लेकर आज तक मलकीत ने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा और अपने रियाज व लगन के दम पर खुद को एक बेहतरीन तबला वादक के रूप में स्थापित किया।

मलकीत सिंह सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर ‘Malkeet_Sirmouri_Beat’ नाम से बेहद लोकप्रिय हैं। वे पहाड़ी, हिंदी और विभिन्न ट्रेंडिंग गानों पर अपने तबला कवर्स की रील्स बनाते हैं, जिन्हें दर्शकों द्वारा काफी पसंद किया जाता है। उनकी प्रतिभा के मुरीद न केवल हिमाचल के स्थानीय गायक हैं, बल्कि बॉलीवुड व पंजाबी संगीत जगत के प्रसिद्ध गायक बी प्राक (B Praak) और सिराजी (Siraji) जैसे बड़े कलाकार भी उनकी रील्स पर कमेंट्स, लाइक और कोलैबोरेट (Collab) कर उनकी सराहना कर चुके हैं।
अपनी इस उपलब्धि और जनसमर्थन से गदगद मलकीत सिंह का कहना है कि वे अपने हुनर के जरिए अपने मोहल्ले गोविंदगढ़, नाहन शहर और पूरे सिरमौर जिले का नाम देश-प्रदेश में रोशन करना चाहते हैं। उन्होंने नाहन व सिरमौर की जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि क्षेत्रवासियों का यह प्यार और आशीर्वाद ही उन्हें आगे बढ़ने और और बेहतर करने की प्रेरणा देता है।