नाहन : जिला सिरमौर के सदर थाना नाहन के तहत निहोग क्षेत्र में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां टमाटर और अन्य सब्जियां लेकर दिल्ली जा रहे एक पिकअप (407) चालक पर धारदार हथियार (नुकीले चाकू) से हमला कर दिया गया। हमले में चालक के सिर, पीठ और बाएं हाथ में गंभीर चोटें आई हैं। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देता हुआ मौके से फरार हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पच्छाद तहसील के गांव कुडलु निवासी जीत सिंह (पुत्र डमर बहादुर) अपनी 407 गाड़ी में मंडीगाट से टमाटर व अन्य सब्जियां लोड करके दिल्ली मंडी की ओर जा रहे थे। गाड़ी में उनके साथ अंकित और भूपेन्द्र सिंह भी मौजूद थे।

पिछले कल रास्ते में तीनों साथी चाय पीने के लिए निहोग स्थित एक जनरल स्टोर के पास रुके। आरोप है कि इसी दौरान शशिकांत (पुत्र घणानन्द), निवासी ग्राम धीरथ (बनेठी), वहां पहुंचा और उसने जीत सिंह को दुकान से बाहर बुलाया। जीत सिंह जैसे ही दुकान के बाहर आए, आरोपी शशिकांत ने अचानक अपने पास रखे नुकीले चाकू से उन पर हमला कर दिया। आरोपी ने जीत सिंह के सिर, पीठ तथा बाएं हाथ पर सीधे वार किए, जिससे वह लहूलुहान हो गए।
घटना के तुरंत बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आरोपी शशिकांत पीड़ित को जान से मारने की धमकियां देता हुआ और गाली-गलौज करता हुआ अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से रफूचक्कर हो गया।
एसपी सिरमौर निश्चित सिंह नेगी ने मामले की पुस्टि करते हुए बताया कि पीड़ित जीत सिंह की शिकायत के आधार पर आरोपी शशिकांत के खिलाफ संबंधित आपराधिक धाराओं में मामला पंजीकृत कर लिया गया है। पीड़ित का चिकित्सीय परीक्षण करवाया जा रहा है और फरार आरोपी की तलाश के लिए पुलिस टीमें रवाना कर दी गई हैं। मामले में आगामी तफ़्तीश जारी है।