नाहन: चिड़ावाली में शिकायत सुधारने गए लाइनमैन को लगा जोरदार झटका, टला बड़ा हादसा

नाहन : शहर के चिड़ावाली क्षेत्र में आज दोपहर करीब 2:30 बजे बिजली की एक शिकायत को दुरुस्त करते समय विद्युत विभाग के लाइनमैन करंट की चपेट में आ गए। प्राप्त जानकारी के अनुसार, बिजली बोर्ड के तकनीकी कर्मचारी रविंद्र कुमार जब चिड़ावाली में फाल्ट ठीक कर रहे थे, तो अचानक उन्हें हाथ में करंट का जोरदार झटका लगा, जिससे वे मौके पर ही बेहोश हो गए।

घटना के तुरंत बाद उन्हें आपातकालीन स्थिति में डॉ. यशवंत सिंह परमार मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, नाहन ले जाया गया। अस्पताल के डॉक्टरों की टीम ने तुरंत उनका उपचार शुरू किया। राहत की बात यह रही कि समय पर मिले इलाज के बाद रविंद्र कुमार की स्थिति में तेजी से सुधार हुआ।

विद्युत उपमंडल के एसडीओ संतोष कुमार ने पुष्टि करते हुए बताया कि लाइनमैन रविंद्र कुमार अब पूरी तरह से ठीक और खतरे से बाहर हैं। मेडिकल कॉलेज में प्राथमिक उपचार और डॉक्टरों की निगरानी के बाद अब उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गयी है। इस हादसे के बाद विभाग ने राहत की सांस ली है।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।