नाहन : जिला मुख्यालय के समीपवर्ती क्षेत्र पंजाहल में खुद को एक न्यूज चैनल का पत्रकार बताकर डराने-धमकाने और जबरन चौथ वसूली करने का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने इस संबंध में ‘कृति भूमि न्यूज चैनल’ के कथित पत्रकार और उसके चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न गंभीर धाराओं के तहत मुकदम दर्ज कर तफ्तीश शुरू कर दी है।
पुलिस को सौंपी शिकायत में अनिल कुमार ठाकुर पुत्र स्वर्गीय शादी राम (निवासी गांव व डाकखाना पंजाहल, तहसील नाहन) ने बताया कि गत 21 मई को कृति भूमि न्यूज चैनल के सतीश कुमार अपने चालक हरि दत्त शर्मा के साथ कार संख्या (HR02BB-0944) में सवार होकर पंजाहल पहुंचे। आरोप है कि दोनों ने बिना अनुमति के अनिल कुमार का जबरन इंटरव्यू लिया और उन्हें डरा-धमकाकर जबरदस्ती 11,000 रुपये की रसीद काटकर पैसे ऐंठ लिए। शिकायतकर्ता के मुताबिक, आरोपी सतीश कुमार इलाके में चुनाव लड़ रहे अन्य उम्मीदवारों को भी अपना निशाना बना रहा था और जबरन इंटरव्यू लेकर उनसे इसी तरह 11-11 हजार रुपये की रसीदें काट रहा था।

आरोपियों के हौसले इतने बुलंद थे कि 30 मई को उन्होंने पंजाहल की ग्राम प्रधान ललिता देवी का भी बिना अनुमति के जबरन इंटरव्यू ले डाला और उनसे भी 11,000 रुपये की रसीद काट दी। इसके बाद आरोपियों ने क्षेत्र के ही राजेश कुमार के खेत में चल रही एक जेसीबी (JCB) की बिना अनुमति के वीडियो बना ली। वीडियो वायरल करने और कार्रवाई की धमकी देते हुए आरोपियों ने वहां भी 11,000 रुपये की रसीद कटवाने के लिए भारी दबाव बनाया।
जब ग्राम प्रधान ललिता देवी ने कथित पत्रकार सतीश कुमार से हिमाचल प्रदेश में रिपोर्टिंग करने की प्रशासनिक अनुमति और दस्तावेज मांगे, तो वह कोई भी वैध कागजात नहीं दिखा सका। जांच में पता चला है कि आरोपी के पास जो प्रेस रिपोर्टर कार्ड है, वह हरियाणा का है और नियमानुसार वह केवल हरियाणा क्षेत्र में ही रिपोर्टिंग करने के लिए अधिकृत है।
पुलिस थाना सदर नाहन में आरोपी सतीश कुमार और उसके चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 223, 308(2), 329(3) और 351(2) के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। एसपी सिरमौर निश्चित सिंह नेगी ने मामले की पुष्टिकरते हुए बताया कि पुलिस मामले की गहनता से आगामी तफ्तीश कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपियों ने क्षेत्र में और कितने लोगों को अपनी ठगी का शिकार बनाया है।