पांवटा साहिब: बाइक चोरी मामले में माजरा का 30 वर्षीय युवक गिरफ्तार

नाहन : पांवटा साहिब उपमंडल के तहत गुज्जर कॉलोनी में बाइक चोरी का एक मामला सामने आया है, जिसमें पांवटा पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए चंद घंटों के भीतर ही आरोपी को चोरीशुदा मोटरसाइकिल के साथ दबोच लिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, गौरव कुमार पुत्र मलखान सिंह (निवासी कस्बा व तहसील नकुड़, जिला सहारनपुर, उ0प्र0), जो वर्तमान में पांवटा साहिब की गुज्जर कॉलोनी में किराए के मकान में रहते हैं, ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई। उन्होंने बताया कि 29 मई की रात को उन्होंने अपनी काले रंग की हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (नंबर UK07FQ-3738) घर के बाहर खड़ी की थी, जो अगली सुबह वहां से गायब मिली। शिकायत के आधार पर पुलिस ने तुरंत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज कर छानबीन शुरू की।

मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने जाल बिछाकर आरोपी सुरजीत सिंह पुत्र ज्ञान चन्द (उम्र 30 वर्ष, निवासी गांव मलियों, डाकखाना माजरा) को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई स्प्लेंडर मोटरसाइकिल को भी बरामद कर लिया है। नियमानुसार आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद आरोपी को जमानत पर रिहा कर दिया गया है।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।