नाहन : शहर में हुए बहुचर्चित टायर चोरी मामले में विशेष जांच टीम (SIT) को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। मामले में गिरफ्तार मुख्य आरोपी अभिमन्यु निवासी चिड़ावाली की निशानदेही पर पुलिस SIT ने चंडीगढ़ के मनीमाजरा स्थित मोटर मार्केट से 4 और अलॉय व्हील बरामद किए हैं। इसके साथ ही नाहन पुलिस अब तक शहर में हुई टायर चोरी के कुल 5 मामलों का सफल पर्दाफाश कर चुकी है।
गौर हो कि बीते हफ्ते नाहन पुलिस SIT ने सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल लोकेशन और बैंक खातों के ऑनलाइन ट्रांजैक्शन की मदद से आरोपी अभिमन्यु को गिरफ्तार किया था। आरोपी सुनसान जगहों पर खड़ी गाड़ियों से टायर चुराकर मनीमाजरा में चालान का झूठा बहाना बनाकर बेचता था।

पुलिस ने पिछले गुरुवार को आरोपी को रिमांड पर लेकर उसकी निशानदेही पर मनीमाजरा से 16 टायर व अलॉय व्हील बरामद किए थे।
इसी जांच को आगे बढ़ाते हुए SIT ने अब 4 नए अलॉय व्हील और रिकवर कर लिए हैं। इसके साथ ही इस मामले में पुलिस द्वारा बरामद किए गए टायरों की कुल संख्या 20 हो गई है। पुलिस की टीम मामले में आगामी कार्रवाई और गहन पूछताछ जारी रखे हुए है।