नाहन : जिला सिरमौर पुलिस के गुमशुदा सेल ने मुस्तैदी का परिचय देते हुए पिछले माह लापता हुए 12 वर्षीय बालक को सुरक्षित तलाशने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने मासूम को हरियाणा के नारायणगढ़ स्थित देहा बस्ती से सकुशल बरामद किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बिहार के मुजफ्फरपुर के रतनपुर गांव का रहने वाला 12 वर्षीय बालक प्रिंस पुत्र रामस्वरूप कालाअंब से अचानक संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया था। परिजनों की शिकायत पर पुलिस थाना कालाअंब में 13 जुलाई को BNS की धारा 137(2) के तहत मामला दर्ज किया गया था।

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए सिरमौर पुलिस के गुमशुदा सेल ने बच्चे की तलाश के लिए विशेष अभियान चलाया और तकनीकी साक्ष्यों व ग्राउंड इनपुट के आधार पर कड़ियां जोड़ीं। कड़ी मशक्कत के बाद आज 4 अगस्त को पुलिस टीम ने नारायणगढ़ की देहा बस्ती में दबिश देकर बालक प्रिंस को बिल्कुल सुरक्षित बरामद कर लिया।
पुलिस द्वारा सभी आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं, जिसके बाद बालक को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया जाएगा। 12 दिन बाद अपने जिगर के टुकड़े के सुरक्षित मिलने की खबर से परिजनों में खुशी की लहर दौड़ गई है।
जिला सिरमौर पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि यदि कोई भी व्यक्ति या बच्चा गुम होता है, तो बिना समय गंवाए इसकी सूचना तुरंत नजदीकी पुलिस थाना या पुलिस हेल्पलाइन नंबर पर दें। समय पर मिली सूचना से पुलिस को तुरंत प्रभावी कार्रवाई करने और लापता लोगों को सुरक्षित तलाशने में बड़ी मदद मिलती है।