नाहन : राजकीय प्राथमिक पाठशाला तालों में 9वें राष्ट्रीय पोषण माह तथा ‘बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ’ अभियान के तहत एक दिवसीय व्यापक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम का आयोजन बाल विकास परियोजना अधिकारी (CDPO) नाहन के निर्देशानुसार नाहन ग्रामीण के पर्यवेक्षक प्रदीप भटनागर द्वारा किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों, अभिभावकों, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और स्थानीय समुदाय को पोषण, स्वास्थ्य, स्वच्छता तथा महिलाओं व बालिकाओं के लिए चलाई जा रही कल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करना था।
समारोह में जिला कार्यक्रम अधिकारी (DPO) सिरमौर पवन गर्ग ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। उनके साथ स्वास्थ्य विभाग से डॉ. ममता जैन, डॉ. सांगल और उनकी टीम विशेष रूप से मौजूद रही। इसके अलावा ग्राम पंचायत सेन की सैर के प्रधान, उपप्रधान, वार्ड सदस्य तथा पूर्व पंचायत प्रधान भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे। मंच का संचालन प्रदीप भटनागर ने किया। कार्यक्रम की शुरुआत DPO पवन गर्ग द्वारा ‘एक बूटा बेटी के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण और दीप प्रज्वलन कर की गई।

DPO पवन गर्ग ने 9वें पोषण माह के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सही और विविधतापूर्ण आहार अपनाकर शरीर में सूक्ष्म पोषक तत्वों की कमी तथा एनीमिया जैसी बीमारी से निपटा जा सकता है। उन्होंने कुपोषण मुक्त समाज के निर्माण के लिए स्थानीय खाद्य पदार्थों को दैनिक आहार में शामिल करने पर जोर दिया। इस दौरान उपस्थित लोगों को पोषण और ‘बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ’ की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम के दौरान बालिका जन्मोत्सव, गोद भराई और अन्नप्राशन की रस्में भी मुख्य अतिथि द्वारा निभाई गईं।
स्वास्थ्य विभाग की डॉ. ममता जैन ने आयुर्वेद पद्धति के लाभ बताए, वहीं डॉ. सांगल ने महिलाओं और किशोरियों में एनीमिया के बचाव व रोकथाम पर विस्तृत जानकारी साझा की। कार्यक्रम में पोषण पर एक विशेष प्रदर्शनी भी लगाई गई। स्कूली बच्चों ने ‘बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ’ विषय पर भाषण और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जिन्हें पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का समापन उपस्थित लोगों को दोपहर का भोजन करवाने के साथ हुआ।