नाहन नगर परिषद चुनाव : झूलती तारों के जाल में उलझा शहर, क्या इस बार मिलेगा समाधान?

नाहन : नगर परिषद चुनावों की सरगर्मियां तेज हो चुकी हैं। संभावित प्रत्याशी वार्डों में जाकर विकास के दावे कर रहे हैं, लेकिन शहर की सबसे गंभीर समस्या बिजली, इंटरनेट और केबल तारों का बेतरतीब जाल अब जनता के लिए सबसे बड़ा चुनावी मुद्दा बनता जा रहा है।

हाल ही में कुम्हार गली और छोटा चौक में हुई आगजनी की घटनाओं ने शहरवासियों की चिंता को और गहरा कर दिया है। तंग गलियों के ऊपर झूलती बिजली और फाइबर तारों को लोग अब सीधे तौर पर “मौत का मकड़जाल” कहने लगे हैं। स्थानीय लोगों का मानना है कि यदि समय रहते व्यवस्था नहीं सुधरी, तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।

शहर के मुख्य बाजारों, पुरानी और संकरी गलियों में बिजली के खंभों पर अव्यवस्थित तरीके से फैली तारें लंबे समय से परेशानी का कारण बनी हुई हैं। कई जगह तारें इतनी नीचे लटक रही हैं कि राहगीरों और दोपहिया वाहन चालकों के लिए खतरा पैदा हो रहा है।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि हर चुनाव में विकास के बड़े-बड़े वादे किए जाते हैं, लेकिन इस मूलभूत सुरक्षा समस्या की ओर कभी गंभीरता से ध्यान नहीं दिया गया। अब लोग ऐसे प्रतिनिधि चाहते हैं जो केवल सड़क और नालियों की राजनीति तक सीमित न रहें, बल्कि शहर की सुरक्षा और आधुनिक व्यवस्था पर भी ठोस काम करें।

कई स्थानीय लोग पहले भी इस मुद्दे को उठा चुके हैं। नागरिकों की मांग है कि नई नगर परिषद बिजली विभाग और निजी कंपनियों के साथ समन्वय बनाकर शहर में तारों को व्यवस्थित करने और चरणबद्ध तरीके से भूमिगत वायरिंग की योजना तैयार करे।

नगर परिषद चुनावों से पहले अब नाहन की जनता संभावित उम्मीदवारों से सीधे और तीखे सवाल पूछ रही है। लोगों का कहना है कि आखिर नई नगर परिषद शहर को “वायर-फ्री” बनाने की दिशा में कोई ठोस योजना तैयार करेगी या नहीं। साथ ही यह सवाल भी उठ रहा है कि बिजली के खंभों पर निजी कंपनियों द्वारा बेतरतीब तरीके से फैलाई गई फाइबर और केबल लाइनों को किसकी अनुमति से लगाया गया और अब तक इनके लिए कोई नियम क्यों तय नहीं किए गए। वहीं शहर की ऐतिहासिक सुंदरता और पहचान को बचाने के लिए आधुनिक वायर प्रबंधन और भूमिगत वायरिंग जैसी योजनाओं की मांग भी तेज हो गई है।

नाहन की जनता अब पहले से अधिक जागरूक नजर आ रही है। लोगों का कहना है कि यह चुनाव केवल वार्डों की राजनीति या विकास के नारों का नहीं, बल्कि शहर की सुरक्षा और भविष्य का चुनाव है। शहरवासियों की नजर अब उन उम्मीदवारों पर टिकी है जो “झूलती तारों” की इस समस्या को केवल चुनावी भाषणों तक सीमित रखने के बजाय, उसका स्थायी समाधान देने का स्पष्ट रोडमैप प्रस्तुत करेंगे।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।