नाहन: शहर में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला नया बाजार स्थित संजू जनरल स्टोर का है, जहाँ कल दिन-दहाड़े एक शातिर युवक ने बड़ी सफाई से चोरी की वारदात को अंजाम दिया। यह पूरी घटना दुकान में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी युवक ग्राहक बनकर दुकान में दाखिल हुआ। उसने दुकानदार से कुछ सामान मांगा और जैसे ही दुकानदार सामान लेने के लिए पीछे की ओर मुड़ा, युवक ने मौका पाकर गल्ले पर हाथ साफ कर दिया। शातिर चोर ने गल्ले में रखे 600 से 700 रुपये उड़ा लिए। दुकानदार के अनुसार गल्ले में ज्यादातर 10-10 और 20-20 रुपये के छोटे नोट रखे हुए थे।

युवक के जाने के बाद जब दुकानदार ने गल्ला देखा, तो वह पूरी तरह खाली था। संदेह होने पर जब CCTV कैमरों की जांच की गई, तो उसमें युवक की पूरी करतूत साफ नजर आई। फुटेज में स्पष्ट दिख रहा है कि किस तरह युवक ने दुकानदार की पीठ मुड़ते ही चंद सेकंडों में नकदी पर हाथ साफ किया और वहां से रफूचक्कर हो गया।
स्थानीय लोगों के अनुसार, यह युवक नशे का आदी बताया जा रहा है और अपनी लत को पूरा करने के लिए पहले भी कई जगह चोरी की वारदातों को अंजाम दे चुका है। दुकानदार ने घटना की रिपोर्ट पुलिस में दर्ज करवा दी है। पुलिस अब CCTV फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश कर रही है। व्यापारियों ने मांग की है कि बाजार में गश्त बढ़ाई जाए ताकि दिन-दहाड़े होने वाली ऐसी घटनाओं पर रोक लग सके।