नाहन में इंसानियत कमेटी ने लगाया रक्तदान शिविर, युवाओं ने पेश की हिंदू-मुस्लिम भाईचारे की मिसाल

नाहन : जिला मुख्यालय नाहन में ‘खिदमत-ए-इंसानियत कमेटी’ की ओर से आयोजित एक विशेष रक्तदान शिविर ने न केवल मानव सेवा का संदेश दिया, बल्कि क्षेत्र में हिंदू-मुस्लिम भाईचारे और सांप्रदायिक सौहार्द की एक बेहद खूबसूरत मिसाल भी पेश की। हजरत इमाम हुसैन की पावन याद में पहली बार आयोजित किए गए इस रक्तदान शिविर में हिंदू और मुस्लिम दोनों ही समुदायों के युवाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और रक्तदान कर मानवता का फर्ज निभाया।

आयोजन के संबंध में जानकारी देते हुए इंसानियत कमेटी के सदस्य एवं आयोजक इमरोज़ हुसैन ने बताया कि इस शिविर का मुख्य उद्देश्य समाज में आपसी प्रेम, भाईचारे को बढ़ावा देना और जरूरतमंदों की जान बचाना है। उन्होंने बताया कि हजरत इमाम हुसैन की याद में इस तरह का रक्तदान शिविर नाहन में पहली बार आयोजित किया गया है, जिसके तहत 70 यूनिट रक्त एकत्र करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया।

रक्तदान शिविर के दौरान युवाओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। दोनों समुदायों के युवाओं ने एक साथ आकर यह संदेश दिया कि रक्तदान किसी धर्म या जाति की सीमाओं में नहीं बंधा है, बल्कि यह किसी भी जरूरतमंद इंसान की जिंदगी बचाने का सबसे बड़ा और पवित्र माध्यम है।

कमेटी के आयोजकों ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य आम जनता में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना और समाज में सामाजिक समरसता को मजबूत करना है। भविष्य की योजनाओं पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि इंसानियत कमेटी द्वारा अब हर छह माह के अंतराल पर नियमित रूप से ऐसे रक्तदान शिविरों का आयोजन किया जाएगा, ताकि अस्पतालों में भर्ती गंभीर मरीजों और दुर्घटना पीड़ितों को समय पर रक्त उपलब्ध कराया जा सके।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।