नाहन में धूमधाम से मनाई गई स्वामी विवेकानंद जयंती और डॉ राजीव बिंदल का जन्मदिवस

Photo of author

By पंकज जयसवाल

नाहन : स्वामी विवेकानंद जयंती के उपलक्ष्य में नाहन के जिला भाजपा कार्यालय दीपकमल में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल विशेष तौर पर मौजूद रहे। कार्यक्रम में युवाओं ने स्वामी विवेकानंद के आदर्शों और विचारों को अपनाने का संकल्प लिया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत को विकास की नई ऊंचाइयों पर ले जाने और समाज के उत्थान के लिए कार्य करने का प्रण लिया।

मीडिया से बातचीत करते हुए डॉ. बिंदल ने कहा कि स्वामी विवेकानंद जी की जयंती आज देश और दुनिया में युवा दिवस के रूप में मनाई जा रही है। उन्होंने कहा कि युवाओं को विवेकानंद जी के मार्गदर्शन पर चलते हुए अपने जीवन में नई ऊर्जा और सकारात्मकता लानी चाहिए। नाहन में आयोजित इस कार्यक्रम में सैकड़ों युवाओं ने हिस्सा लिया और भारत के विकास के लिए काम करने का संकल्प लिया।

इस कार्यक्रम के साथ ही भाजपा कार्यकर्ताओं ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल का जन्मदिवस भी धूमधाम से मनाया। सोलन से बड़ी संख्या में भाजपा नेता और कार्यकर्ता बैंड-बाजे के साथ नाहन पहुंचे और डॉ. बिंदल को जन्मदिवस की शुभकामनाएं दीं। भाजपा कार्यालय में आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं ने डॉ. बिंदल के प्रति अपना सम्मान और स्नेह व्यक्त किया।

डॉ. बिंदल ने अपने जन्मदिवस पर शुभकामनाएं देने आए सभी कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया और स्वामी विवेकानंद के विचारों को अपनाकर समाज के विकास और उन्नति के लिए काम करने का आह्वान किया।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में लंबे समय का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।

error: Not Allowed