नाहन : स्थानीय ए.वी.एन. सीनियर सेकेंडरी स्कूल के सीनियर विंग (कक्षा नौवीं से जमा दो) के विद्यार्थियों ने समाज में तेजी से पांव पसार रहे नशे के प्रकोप के खिलाफ एक विशाल जनजागरूकता रैली का आयोजन किया। सामाजिक संस्था ‘लायंस क्लब’ के सौजन्य से आयोजित इस रैली के माध्यम से विद्यार्थियों ने शहरवासियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया और समाज को इस बुराई के खिलाफ एकजुट होने का संदेश दिया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य के. के. चंदोला ने जानकारी देते हुए बताया कि इस रैली में स्कूल के लगभग 450 विद्यार्थियों और अध्यापकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। यह जागरूकता रैली शहर के प्रमुख मार्गों नया बाजार, महिमा लाइब्रेरी चौक, गुरुद्वारा, दिल्ली गेट, बड़ा चौक, गुन्नू घाट और माल रोड से होती हुई ऐतिहासिक चौगान मैदान में संपन्न हुई। रैली के दौरान छात्र-छात्राओं ने हाथों में संदेशात्मक तख्तियां लेकर समाज को नशा-मुक्त बनाने के नारे लगाए।

रैली की शुरुआत से पूर्व विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए प्रधानाचार्य के. के. चंदोला ने कहा कि वर्तमान समय में देश की युवा पीढ़ी के सामने नशे का सबसे बड़ा खतरा मंडरा रहा है। विभिन्न प्रकार के मादक पदार्थों के बढ़ते चलन ने राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य को दिशाहीन करने का कुत्सित प्रयास किया है। उन्होंने जोर देकर कहा कि इस सामाजिक बुराई का समूल नाश करना हम सभी का नैतिक दायित्व है।
इस अवसर पर उपस्थित लायंस क्लब के पदाधिकारियों ने भी विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करते हुए उन्हें नशे जैसी घातक आदतों से दूर रहने की सलाह दी। उन्होंने युवाओं को अपनी असीमित ऊर्जा का उपयोग खेलकूद, शिक्षा और अन्य सकारात्मक कार्यों में करने के लिए प्रेरित किया। रैली के समापन पर लायंस क्लब की ओर से प्रतिभागी विद्यार्थियों को फल भी वितरित किए गए।
कार्यक्रम के दौरान लायंस क्लब के अध्यक्ष पीयूष गर्ग, पदाधिकारी संजय चौहान, सुखदेव चौहान, विकास बंसल, विनीत बंसल और सौरभ गर्ग विशेष रूप से उपस्थित रहे। इसके साथ ही विद्यालय का समस्त शिक्षण व गैर-शिक्षण स्टाफ भी रैली को सफल बनाने में मुस्तैद रहा।