नाहन में पुलिस से उलझना पड़ा भारी : शराबी पर्यटक पर पुलिस एक्ट और ‘ड्रंक एंड ड्राइव’ में कार्रवाई

Photo of author

By पंकज जयसवाल

नाहन : सिरमौर जिला मुख्यालय नाहन के व्यस्तम महलात क्षेत्र में बुधवार शाम हरियाणा के पर्यटकों द्वारा किए गए हाई-वोल्टेज ड्रामे के मामले में पुलिस ने सख्त कानूनी कार्रवाई की है। एसपी सिरमौर निश्चित सिंह नेगी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि ऑन-ड्यूटी पुलिसकर्मियों से अभद्रता करने, सार्वजनिक स्थान पर हुड़दंग मचाने और नशे की हालत में गाड़ी चलाने को लेकर आरोपी युवक के खिलाफ ड्रंक एंड ड्राइव तथा हिमाचल प्रदेश पुलिस एक्ट की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

एसपी सिरमौर निश्चित सिंह नेगी ने बताया कि पुलिस ने आरोपी युवक का मेडिकल करवाया, जिसमें अत्यधिक शराब के सेवन की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस ने हिमाचल प्रदेश पुलिस एक्ट के तहत ऑन-ड्यूटी पुलिसकर्मियों से अभद्रता, निर्देशों की अवहेलना और सार्वजनिक स्थान पर शांति भंग करने पर ₹5,000 का चालान काटा। इसके साथ ही, मोटर वाहन अधिनियम के तहत ‘ड्रंक एंड ड्राइव’ का चालान काटकर मामला सीधे अदालत को भेज दिया गया है, जहाँ आरोपी पर ₹25,000 तक के भारी-भरकम जुर्माने का प्रावधान है।

एसपी ने यह भी बताया कि पुलिस ने माननीय अदालत से विशेष अनुरोध किया है कि उक्त व्यक्ति का ड्राइविंग लाइसेंस भी रद्द कर दिया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की लापरवाही और हुड़दंग पर नकेल कसी जा सके।

गौरतलब है कि बीते बुधवार शाम हरियाणा नंबर (HR 07 AG 7821) की कार में सवार पर्यटकों ने महलात के नो-पार्किंग जोन में गाड़ी खड़ी की थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शराब के नशे में धुत युवकों ने भीड़भाड़ वाले इलाके में सरेआम गंदगी फैलाई। जब मौके पर तैनात यातायात पुलिस इंचार्ज ने उन्हें टोका और गाड़ी हटाने के निर्देश दिए, तो पर्यटक भड़क गए और पुलिसकर्मियों के साथ तीखी बहस व गाली-गलौज करने लगे।

विवाद बढ़ने पर हरियाणा से आया एक युवक बेहद उग्र हो गया और उसने ऑन-ड्यूटी पुलिसकर्मियों के साथ हाथापाई और धक्का-मुक्की शुरू कर दी। आरोपी ने बीच सड़क गाड़ी आड़ी खड़ी कर दी, जिससे महलात मार्ग पर करीब 45 मिनट तक यातायात पूरी तरह ठप रहा। मौके पर स्थिति तनावपूर्ण हो गई थी, लेकिन ट्रैफिक पुलिस और गुनूघाट चौकी प्रभारी ने सूझबूझ से काम लेते हुए मुख्य आरोपी को हिरासत में लिया और पुलिस चौकी पहुंचाया।

एसपी निश्चित सिंह नेगी के अनुसार, आवश्यक कानूनी कागजी कार्रवाई, मेडिकल रिपोर्ट, पुलिस एक्ट के तहत चालान और मुचलका भरने के बाद आरोपी को हिदायत देकर छोड़ दिया गया है। उन्होंने साफ कहा कि जिले में कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने, नशे में हुड़दंग मचाने या पुलिसकर्मियों से बदसलूकी करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।