नाहन: रोटरी क्लब नाहन द्वारा समाज के कमजोर वर्गों की सहायता और मानव सेवा की अपनी प्रतिबद्धता को दोहराते हुए एक जरूरतमंद महिला को वॉकर प्रदान किया गया। क्लब के सचिव भविष्य गौतम ने जानकारी देते हुए बताया कि ग्राम वासनी की निवासी कौशल्या देवी ने क्लब को एक आवेदन सौंपा था, जिसमें उन्होंने चलने-फिरने में पूरी तरह असमर्थ होने की बात कहते हुए सहारे के लिए सहायता की गुहार लगाई थी। आवेदन पर तुरंत संज्ञान लेते हुए रोटरी क्लब नाहन ने त्वरित कार्रवाई की और महिला की गतिशीलता को सुगम बनाने के लिए उन्हें एक वॉकर भेंट किया।
यह वॉकर स्वर्गीय करुण गौतम की पुण्य स्मृति में उनके परिवार द्वारा दिए गए विशेष सहयोग से उपलब्ध करवाया गया। इस मानवीय कार्य पर रोटरी क्लब के सचिव भविष्य गौतम ने स्वर्गीय करुण गौतम के सम्मानित परिवार का दिल से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस तरह के सेवा भाव और सहयोग से समाज में संवेदनशीलता, आपसी भाईचारा तथा मानवता की भावना को और अधिक मजबूती मिलती है।

इस अवसर पर रोटरी क्लब नाहन के अध्यक्ष मनीष जैन ने क्लब के संकल्प को दोहराते हुए कहा कि संस्था सदैव जरूरतमंद, बीमार और असहाय लोगों की सेवा व सहायता के लिए तत्पर रहती है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि भविष्य में भी समाज सेवा के ऐसे जनहित कार्य निरंतर जारी रहेंगे। इसके साथ ही उन्होंने उन सभी समाजसेवियों और सहयोगकर्ताओं का भी विशेष धन्यवाद किया, जिनके निरंतर सहयोग से क्लब विभिन्न सामाजिक गतिविधियों को सफलतापूर्वक धरातल पर उतार पा रहा है।