नाहन : जिला मुख्यालय नाहन के गुन्नूघाट चौक पर बीती रात एक दवा विक्रेता पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर नाहन पुलिस थाना में आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर तफ़तीश शुरू कर दी गई है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुन्नूघाट निवासी संजीव अग्रवाल, जो गुन्नूघाट चौक पर ‘लक्ष्मी मेडिकल हॉल’ नाम से दवाइयों का थोक (होलसेल) कारोबार करते हैं, ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है। संजीव अग्रवाल ने बताया कि 14 और 15 सितंबर की मध्य रात्रि करीब 2:00 बजे जब वे अपनी दुकान पर काम कर रहे थे, तो उनका पड़ोसी अंकुर शर्मा वहाँ आया और उनसे शराब पिलाने की मांग करने लगा।

जब उन्होंने शराब पिलाने से साफ मना कर दिया, तो अंकुर शर्मा ने उन्हें रास्ते में देख लेने की धमकी दी। इसके बाद जब संजीव अग्रवाल काम निपटाकर अपने घर पहुँचे, तो आरोपी अंकुर शर्मा पहले से ही घर की सीढ़ियों पर हाथ में डंडा लेकर बैठा था। आरोप है कि उसने संजीव अग्रवाल को देखते ही गाली-गलौज शुरू कर दी और उनके सिर पर डंडे से ताबड़तोड़ वार कर दिया, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आई हैं।
SP सिरमौर निश्चित सिंह नेगी ने मामले की पुस्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने पीड़ित संजीव अग्रवाल की शिकायत के आधार पर आरोपी अंकुर शर्मा के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है और घटना के संबंध में आगामी जांच जारी है।