सिरमौर: 4 साल बाद पुलिस के हत्थे चढ़ा दुष्कर्म व POCSO का भगोड़ा आरोपी, जीरकपुर से गिरफ्तार

Photo of author

By पंकज जयसवाल

नाहन : जिला सिरमौर पुलिस की PO Cell टीम ने वर्ष 2022 से वांछित एक उद्घोषित अपराधी को पंजाब के जीरकपुर से गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पकड़ा गया आरोपी पुलिस थाना पुरुवाला में दर्ज संगीन धाराओं के तहत दर्ज मामले में लंबे समय से फरार चल रहा था।

मामले की जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि 1 सितंबर को PO सेल की विशेष टीम ने गुप्त सूचना और तकनीकी सहायता के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी गोलू पुत्र जगरूप सिंह, निवासी गांव अनंतपुर ढोंकला, ब्लॉक झिंझक, कानपुर (उत्तर प्रदेश) को जीरकपुर (पंजाब) से धर दबोचा।

उल्लेखनीय है कि आरोपी गोलू के खिलाफ पुलिस थाना पुरुवाला में 8 अगस्त 2022 को भारतीय दंड संहिता की धारा 376 और पोक्सो एक्ट की धारा 6 के तहत गंभीर मामला दर्ज किया गया था। वारदात के बाद से ही आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर चल रहा था और अदालत द्वारा उसे उद्घोषित अपराधी घोषित किया गया था।

पुलिस थाना पुरुवाला में आरोपी गोलू के खिलाफ नियमानुसार आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपी को जल्द ही माननीय न्यायालय में पेश किया जाएगा।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।