नाहन : मानवता की सेवा और जरूरतमंद मरीजों की सहायता के लिए समर्पित संस्था ड्रॉप्स ऑफ होप सोसायटी के सदस्यों ने अक्तूबर माह में उत्कृष्ट कार्य करते हुए विभिन्न अस्पतालों में कुल 33 यूनिट रक्तदान कराया। 1 अक्तूबर 2026 से 31 अक्तूबर 2026 तक चलाए गए इस अभियान के दौरान सदस्यों ने दिन-रात एक कर हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और उत्तराखंड के कई प्रमुख चिकित्सा संस्थानों में भर्ती मरीजों के लिए समय पर रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित की।
डॉ. यशवंत सिंह परमार राजकीय मेडिकल कॉलेज नाहन के ब्लड बैंक में संस्था के माध्यम से 7 यूनिट रक्तदान किया गया, जिसमें A पॉजिटिव की 1 यूनिट, O पॉजिटिव की 3 यूनिट, B पॉजिटिव की 2 यूनिट और O नेगेटिव की 1 बेहद दुर्लभ यूनिट शामिल है। नाहन मेडिकल कॉलेज के अलावा संस्था के कार्यकर्ताओं ने स्थानीय स्तर से बाहर जाकर भी कई गंभीर मरीजों की जान बचाने में अहम भूमिका निभाई।

इस सेवा कार्य के तहत रमन सोढ़ी (चंडीगढ़ पुलिस) ने पीजीआई चंडीगढ़ पहुंचकर O पॉजिटिव रक्तदान किया और चंडीगढ़ क्षेत्र में कुल 2 यूनिट रक्तदान सुनिश्चित कराया। विपिन ने इंडस अस्पताल पंजाब में AB पॉजिटिव, कमल ने मुंबई में AB पॉजिटिव तथा गौरव ने पारस अस्पताल पंचकूला में O पॉजिटिव रक्तदान किया। इसके अलावा नदीम खान ने देहरादून में 3 यूनिट और देव अत्री ने मोहाली में 2 यूनिट रक्तदान करवाकर जरूरतमंदों को राहत पहुंचाई।
विभिन्न बाहरी अस्पतालों में समन्वय बिठाते हुए सलमान खान ने पीजीआई चंडीगढ़, पंचकूला और मोहाली में 3 यूनिट्स की जरूरत पूरी कराई। वहीं अखिल माहेश्वरी ने मोहाली व पंचकूला के अस्पतालों में जिला सिरमौर से आए मरीजों के लिए 4 यूनिट रक्त की व्यवस्था की। इसके साथ ही कपिल नेगी ने आईजीएमसी शिमला में 2 यूनिट A पॉजिटिव, जीएमसीएच सेक्टर-32 चंडीगढ़ में 5 यूनिट B पॉजिटिव और पीजीआई चंडीगढ़ में 1 यूनिट O पॉजिटिव की आपातकालीन मांग को समय पर पूरा करवाया।
संस्था के पदाधिकारियों का कहना है कि सभी सदस्यों की निस्वार्थ भावना, कड़ी मेहनत और आपसी सहयोग के कारण ही यह राहत अभियान निरंतर जारी है।