शिमला: हिमाचल प्रदेश के खेल इतिहास में रविवार को एक नया और सुनहरा अध्याय जुड़ गया। चौपाल उपमंडल के स्नातकोत्तर महाविद्यालय नेरवा के खेल मैदान में पिछले तीन दिनों से चल रहा 28वीं सीनियर और वेटरन नेशनल टेनिस वॉलीबॉल चैंपियनशिप का हाई-वोल्टेज रोमांच फाइनल मुकाबलों के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हो गया।

चैंपियनशिप के इस भव्य समापन और पुरस्कार वितरण समारोह में चौपाल निर्वाचन क्षेत्र के लोकप्रिय विधायक बलवीर सिंह वर्मा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने विजेता व उपविजेता टीमों को चमचमाती नेशनल ट्रॉफियां, नकद पुरस्कार और मेडल प्रदान कर सम्मानित किया। नेशनल चैंपियनशिप का पूरा फाइनल रिजल्ट तीन दिनों तक मैदान पर बहे पसीने और कड़े संघर्ष के बाद सीनियर पुरुष वर्ग में तमिलनाडु विजेता, हरियाणा उपविजेता तथा दिल्ली तृतीय स्थान पर रहा। सीनियर महिला वर्ग में गुजरात विजेता, दिल्ली उपविजेता, पंजाब तृतीय स्थान पर रहा।
मिक्स्ड डबल्स में दिल्ली विजेता, दादरा एवं नगर हवेली उपविजेता, हिमाचल प्रदेश तृतीय स्थान पर रहा। वेटरन पुरुष सिंगल्स में हिमाचल प्रदेश विजेता, तमिलनाडु उपविजेता रहा। वेटरन डबल्स में गुजरात विजेता, हिमाचल प्रदेश उपविजेता रहा।
वेटरन पुरुष सिंगल्स के मुकाबले में मेजबान हिमाचल प्रदेश के खिलाड़ी ने शानदार खेल दिखाते हुए तमिलनाडु को हराकर देश भर में पहला स्थान (स्वर्ण पदक) हासिल किया। पुरस्कार वितरण के बाद खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि विधायक बलवीर सिंह वर्मा काफी भावुक और उत्साहित नजर आए।
हिमाचल प्रदेश टेनिस वॉलीबॉल एसोसिएशन के आयोजकों ने बताया कि इस 3 दिवसीय राष्ट्रीय महाकुंभ में देश के 22 राज्यों के करीब 500 खिलाड़ियों, कोचों और रेफरी ने भाग लिया। खराब मौसम और बारिश के बावजूद फ्लड लाइट्स के बीच देर रात तक मैच करवाए गए, जिन्हें देखने के लिए नेरवा और चौपाल घाटी के हजारों खेल प्रेमी हर दिन स्टेडियम पहुंचे। समारोह के अंत में एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने सफल आयोजन के लिए स्थानीय प्रशासन, कॉलेज प्रबंधन, पुलिस बल और मुख्य अतिथि बलवीर वर्मा का सहृदय आभार व्यक्त किया।