सोलन: डॉ. यशवंत सिंह परमार बागवानी एवं वानिकी विश्वविद्यालय, नौणी के एक प्रतिभाशाली शोधार्थी ने प्रतिष्ठित इनोवेशन इन साइंस परस्यूट फॉर इंस्पायर्ड रिसर्च (INSPIRE) फेलोशि’ प्राप्त कर पूरे विश्वविद्यालय का नाम रोशन किया है। यह प्रतिष्ठित फेलोशिप भारत सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग द्वारा प्रदान की जाती है।
विश्वविद्यालय के फल विज्ञान विभाग में प्रथम वर्ष के पीएचडी शोधार्थी करनवीर सिंह डिल्टा को उनके उत्कृष्ट शोध कार्य के लिए इस प्रतिष्ठित फेलोशिप के वास्ते चयनित किया गया है। उन्हें इस फेलोशिप के अंतर्गत 37,000 रुपये प्रतिमाह की फेलोशिप राशि प्रदान की जाएगी।

इन्सपायर फेलोशिप का मुख्य उद्देश्य देश के प्रतिभावान युवा शोधकर्ताओं को बुनियादी एवं अनुप्रयुक्त विज्ञान के क्षेत्र में डॉक्टोरल अनुसंधान के लिए प्रोत्साहित करना है। इसके तहत चयनित शोधार्थियों को उनके संपूर्ण डॉक्टोरल कार्यक्रम के दौरान वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई जाती है, जिससे वे बिना किसी आर्थिक बाधा के अपने शोध कार्यों को आगे बढ़ा सकें।
अपनी इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए करनवीर ने फेलोशिप के लिए आवेदन करने में मिले मार्गदर्शन और निरंतर सहयोग के लिए अपने शिक्षकों, विशेष रूप से अपने शोध सलाहकार डॉ. नवीन चंद शर्मा काि आभार व्यक्त किया है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने भी करनवीर को इस शानदार उपलब्धि के लिए हार्दिक बधाई दी है और उनके आगामी शोध कार्य के सफलतापूर्वक संपन्न होने की कामना की है।