नाहन : हिमाचल प्रदेश के जिला सिरमौर के तहत पुलिस थाना संगडाह के अंतर्गत आती पुलिस चौकी हरिपुरधार की टीम को अवैध नशा तस्करों के खिलाफ एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने गश्त के दौरान मुस्तैदी दिखाते हुए एक महिला के कब्जे से अवैध कच्ची शराब बरामद की है। पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ आबकारी अधिनियम (Excise Act) के तहत मामला दर्ज कर आगामी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, आज 18 जून को पुलिस चौकी हरिपुरधार की एक टीम इलाके में कानून व्यवस्था और सुरक्षा के मद्देनजर रूटीन गश्त पर थी। इसी दौरान पुलिस टीम को एक गुप्त सूचना प्राप्त हुई कि क्षेत्र में अवैध शराब का काम चल रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई की और बताए गए स्थान पर दबिश दी।

संदेह के आधार पर जब पुलिस टीम ने कान्ता देवी (पत्नी प्रेमदत), निवासी गांव कुफराड़ी, डाकघर व तहसील नौहराधार, जिला सिरमौर की तलाशी ली, तो उनके कब्जे से कुल 5 लीटर अवैध नाजायज (कच्ची) शराब बरामद की गई। महिला के पास इस शराब को रखने या बेचने का कोई वैध दस्तावेज नहीं पाया गया।
पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए अवैध शराब को अपने कब्जे में ले लिया। इस मामले के संदर्भ में आरोपी महिला के विरुद्ध पुलिस थाना संगडाह में धारा 39(1)(a) हिमाचल प्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। मामले में आगामी अन्वेषण (Investigation) जारी है ।