नाहन : नशा तस्करों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस थाना पच्छाद की टीम ने एक युवक को 1.20 ग्राम चिट्टा (हेरोइन), एक डिजिटल तराजू और 13,500 रुपये नकद सहित दबोचा है।
जानकारी के अनुसार, बीते कल पुलिस टीम जब एसवीएन कॉलोनी सराहां के पास गश्त पर मौजूद थी, तो सड़क के बीच एक कार (HP18A-9562) खड़ी पाई गई। पुलिस ने चालक को गाड़ी हटाने का इशारा किया, लेकिन पुलिस को देखते ही चालक घबरा गया और गाड़ी से उतरकर भागने लगा। भागते समय उसने अपनी पैंट की जेब से एक वस्तु निकालकर सड़क किनारे फेंक दी। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए युवक को दबोच लिया और फेंकी गई वस्तु की जांच करने पर उसमें से 1.20 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ।

आरोपी की पहचान रोबिन शर्मा पुत्र गुरुदत्त शर्मा, निवासी गांव धीरथ, तहसील नाहन (जिला सिरमौर) के रूप में हुई है। गाड़ी की तलाशी लेने पर अंदर से एक डिजिटल वजन करने की मशीन और 13,500 रुपये नकद भी बरामद किए गए।
एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने मामले की पुस्टि करते हुए बताया कि पच्छाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है।