पच्छाद में रिश्तों का कत्ल: मामा ने भांजे को डंडे से पीटा, जान से मारने की धमकी देकर फरार

नाहन : जिला सिरमौर के पुलिस थाना पच्छाद में रास्ता रोककर मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस घटना में एक सगे मामा पर अपने ही भांजे के साथ मारपीट करने और उसकी मौसी को धमकाने के आरोप लगे हैं। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।

पुलिस को दी गई शिकायत में अमन शर्मा (पुत्र जय प्रकाश शर्मा), निवासी गांव मानरिया (ददाहू) ने बताया कि 21 अप्रैल को वह अपनी मौसी ज्योति शर्मा को दवाई देने के लिए बसांह गया हुआ था। जब वह मौसी को दवाई देने के बाद वापस जाने के लिए अपनी मोटरसाइकिल स्टार्ट कर रहा था, तभी अचानक उसका मामा सुशील शर्मा वहां पहुंचा। आरोप है कि मामा ने हाथ में लिए डंडे से अमन पर हमला कर दिया और बेरहमी से मारपीट की, जिससे उसे काफी चोटें आई हैं।

शिकायतकर्ता के अनुसार, मारपीट करने के बाद आरोपी सुशील शर्मा मौके से भाग गया, लेकिन जाते समय उसने अमन और उसकी मौसी ज्योति शर्मा को जान से मारने की धमकी भी दी। घटना के बाद पीड़ित ने पुलिस में मामला दर्ज करवाया है।

पुलिस थाना पच्छाद ने इस संदर्भ में आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 126(2), 115(2) और 351(2) के तहत अभियोग पंजीकृत कर लिया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हमले के पीछे का मुख्य कारण क्या था।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।