नाहन : कन्या प्राथमिक केन्द्रीय पाठशाला में आज पृथ्वी दिवस के अवसर पर पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम हिमजनक मंच और हिमाचल ज्ञान-विज्ञान समिति सिरमौर के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित किया गया, जिसकी अध्यक्षता केंद्र मुख्य शिक्षिका (C.HT) अनुराधा मोहिल द्वारा की गई। कार्यक्रम में हिमजनक मंच के अध्यक्ष कवसिंह नेगी ने मुख्य स्रोत व्यक्ति के रूप में शिरकत की और बच्चों को पर्यावरण के महत्व से रूबरू करवाया।
इस दौरान विद्यार्थियों की रचनात्मकता को निखारने के लिए विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। भाषा प्रतियोगिता में रिशव ने पहला, रीया ने दूसरा और आयरा ने तीसरा स्थान हासिल किया। वहीं, चित्रकारी प्रतियोगिता में बच्चों ने अपनी कल्पना के रंगों से धरती को सजाया, जिसमें रीया चौहान प्रथम, सावी द्वितीय और आयरा तृतीय स्थान पर रहीं, जबकि अक्षिता को उनके सराहनीय प्रयास के लिए सांत्वना पुरस्कार दिया गया।

नारा लेखन प्रतियोगिता में भी बच्चों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया, जिसमें सानवी ने प्रथम, रिया ने द्वितीय और अराधना ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। अनिका को इस वर्ग में सांत्वना पुरस्कार से नवाजा गया। इस अवसर पर कवसिंह नेगी ने अपने संबोधन में इस बात पर जोर दिया कि प्राथमिक शिक्षा के स्तर पर ही बच्चों में विज्ञान और संस्कृति के प्रति रुचि पैदा करना अनिवार्य है, ताकि वे भविष्य में जागरूक नागरिक बन सकें।
कार्यक्रम के अंत में हिमाचल ज्ञान-विज्ञान समिति द्वारा सभी विजेता और प्रतिभागी बच्चों को आकर्षक पुरस्कार वितरित किए गए। इस गौरवशाली अवसर पर मंगेश शर्मा, विनोद कुमार, उमादेवी, सुषमा और एस.एम.सी. (SMC) प्रधान मीरा ठाकुर विशेष रूप से उपस्थित रहे, जिन्होंने बच्चों के प्रयासों की सराहना की और पर्यावरण को स्वच्छ रखने का संदेश दिया।