परवाणू पुलिस ने 7 साल से फरार चल रहा भगोड़ा अपराधी हरियाणा से गिरफ्तार

Photo of author

By Hills Post

सोलन: जिला सोलन पुलिस की टीम ने पिछले 7 साल से कानून की आंखों में धूल झोंक रहे एक शातिर उद्घोषित अपराधी को गिरफ्तार करने में कामयाबी हासिल की है। पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए आरोपी को हरियाणा राज्य के रतनगढ़ क्षेत्र से दबोचा है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पकड़े गए आरोपी के खिलाफ साल 2016 में पुलिस थाना परवाणू में धोखाधड़ी, जालसाजी और चोरी से संबंधित एक गंभीर मामला दर्ज किया गया था। आरोपी के खिलाफ दिनांक 19-06-2016 को परवाणू थाने में अभियोग संख्या 53/2016, धारा 419, 420, 380, 468, 471, 201, 120B IPC के तहत मुकदमा दर्ज हुआ था। पुलिस ने तत्कालीन तफ्तीश के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर चालान माननीय अदालत में पेश कर दिया था। लेकिन ट्रायल के दौरान माननीय न्यायालय द्वारा बार-बार समन और आदेश जारी होने के बावजूद आरोपी कोर्ट में हाजिर नहीं हुआ।

लगातार गैर-हाजिर रहने के कारण माननीय न्यायालय ने 26 अप्रैल 2019 को आरोपी को आधिकारिक तौर पर भगोड़ा घोषित कर दिया था।आरोपी की पहचान सुनील कुमार उर्फ मनी न्यायालय रिकॉर्ड में नाम गुरविंदर सिंह भी उल्लेखित उम्र33 वर्ष निवासी जोगीवाड़ा मोहल्ला, अंबाला सिटी, हरियाणा के रूप में बताई गई है।

अदालत द्वारा भगोड़ा घोषित किए जाने के बाद से ही जिला पुलिस, थाना धर्मपुर और पीओ सेल की टीमें इसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार जाल बिछा रही थीं। लेकिन आरोपी बेहद शातिर था और पुलिस से बचने के लिए लगातार अपने छिपने के ठिकाने बदल रहा था। अंततः पुख्ता गुप्त सूचना और सतत निगरानी के आधार पर पीओ सेल की टीम ने गुरुवार को उसे धर दबोचा। पुलिस से भागने और कानून के उल्लंघन की इस हरकत के लिए आरोपी के खिलाफ पुलिस थाना परवाणू में एक और नया मामला दर्ज किया गया है।

सोलन पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार किए गए आरोपी को आज माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है, जहां से पुलिस उसका रिमांड हासिल करेगी। पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि फरारी के इन 7 सालों के दौरान उसे किन-किन लोगों ने पनाह दी थी। मामले में पुलिस की आगामी जांच जारी है।

Photo of author

Hills Post

हम उन लोगों और विषयों के बारे में लिखने और आवाज़ बुलंद करने का प्रयास करते हैं जिन्हे मुख्यधारा के मीडिया में कम प्राथमिकता मिलती है ।