सोलन: जिला एवं सत्र न्यायाधीश सोलन शरद कुमार लगवाल ने कहा है कि समाज के सभी वर्गों को पर्यावरण एवं पारिस्थितिकी तंत्र के संरक्षण के लिए वृक्षारोपण अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेना चाहिए। वे सोलन के निकट ग्राम पंचायत कोठों के गलानग गांव में आयोजित एक दिवसीय पौधारोपण कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।

कार्यक्रम के दौरान अपने संबोधन में शरद कुमार लगवाल ने कहा कि वन हमारी पृथ्वी के फेफड़े हैं जो हमें प्राणवायु ऑक्सीजन प्रदान करते हैं, कार्बन डाइऑक्साइड को अवशोषित करते हैं और समृद्ध जैव विविधता को आश्रय प्रदान करते हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि जलवायु परिवर्तन (क्लाइमेट चेंज) की वैश्विक चुनौतियों से निपटने के लिए वृक्षारोपण समय की मुख्य मांग है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार या विभाग की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति को पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का दायित्व साझा करना चाहिए। इस अभियान की सफलता के लिए जन-सहभागिता अत्यंत आवश्यक है।
इससे पूर्व, वन मंडलाधिकारी (DFO) सोलन प्रदीप कुमार ने मुख्यातिथि का स्वागत किया और वन विभाग द्वारा चलाए जा रहे पौधारोपण अभियानों की विस्तृत जानकारी दी। इस अभियान के अंतर्गत गलानग गांव में विभिन्न उपयोगी व स्थानीय प्रजातियों जैसे देवदार, पढ़ग, पाजा और खनूर के कुल 70 पौधे रोपित किए गए। कार्यक्रम के अंत में सोलन मंडल की सहायक वन अरण्यपाल (ACF) चंद्रिका शर्मा ने सभी उपस्थित अतिथियों और ग्रामीणों का धन्यवाद ज्ञापित किया।
इस हरित अभियान में न्यायपालिका, वन विभाग और स्थानीय पंचायत प्रतिनिधियों ने एक साथ मिलकर पौधे लगाए। इस अवसर पर अतिरिक्त ज़िला एवं सत्र न्यायाधीश अभय मंडियाल, मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी दिव्या ज्योति पटियाल, जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण सोलन के सचिव प्रशांत सिंह नेगी तथा न्यायिक दंडाधिकारी जन्नत हायर वरिष्ठ अधिवक्ता एस.एल. कश्यप, एच.एस. ठाकुर और शरद बाली मौजूद रहे। साथ ही ग्राम पंचायत कोठों के प्रधान सुशांत ठाकुर, उप-प्रधान अंकुर ठाकुर तथा स्थानीय ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर पौधारोपण किया।