नाहन : हरि ओम गोशाला के समीप सहानी कॉम्प्लेक्स में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहाँ इमारत की छत से गिर जाने के कारण 42 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान देवराज, पुत्र सुखराम (निवासी गांव नेरी, तहसील राजगढ़) के रूप में हुई है। इस दुखद घटना के बाद से क्षेत्र में शोक की लहर व्याप्त है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुबह मृतक के पुत्र ने अपने पिता को अचेत अवस्था में पड़ा देखा। उसने तुरंत आसपास के लोगों को मौके पर एकत्र किया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। घटना की सूचना तुरंत स्थानीय यशवंतनगर पुलिस चौकी को दी गई।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बिना समय गंवाए मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लिया। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेकर आवश्यक साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया, ताकि मौत के सटीक कारणों का आधिकारिक रूप से पता चल सके।
घटना की पुष्टि करते हुए डीएसपी राजगढ़ विद्या चंद नेगी ने बताया कि पुलिस को सहानी कॉम्प्लेक्स की छत से गिरकर व्यक्ति की मौत होने की सूचना मिली थी। पुलिस टीम मौके पर मौजूद है और मामले में हर पहलू से आगामी जांच व कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
इस दुखद हादसे के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मृतक अपने पीछे तीन बच्चों को रोता-बिलखता छोड़ गए हैं।