पहाड़ी संस्कृति और प्रतिभा को राष्ट्रीय मंच देने पर प्रो. डॉ. नरेश कुमार कौंडल को हिमाचल अचीवर्स अवार्ड 2026

Photo of author

By Hills Post

शिमला: हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल कविंदर गुप्ता ने ग्रीन हिल्स इंजीनियरिंग कॉलेज के प्रोफेसर और हिम टीवी मीडिया के संस्थापक प्रो. डॉ. नरेश कुमार कौंडल को हिमाचल अचीवर्स अवार्ड 2026 से सम्मानित किया है। उन्हें यह सम्मान पहाड़ी भाषा, संस्कृति और स्थानीय प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने में दिए गए उत्कृष्ट योगदान के लिए प्रदान किया गया।

प्रतिष्ठित मीडिया समूह ‘द ट्रिब्यून’ की ओर से शिमला में आयोजित इस समारोह में डॉ. कौंडल को एसजेवीएन और शूलिनी विश्वविद्यालय सहित देश के कई नामी संस्थानों व अचीवर्स के साथ यह पुरस्कार दिया गया।

पहाड़ी संस्कृति को बढ़ावा देने की दिशा में डॉ. कौंडल के प्रयास लंबे समय से सराहे जाते रहे हैं। उन्होंने हिमाचल का पहला टीवी रियलिटी शो शुरू किया था और अब उनका चर्चित शो ‘हिमालयन्स गॉट रॉक टैलेंट’ राष्ट्रीय स्तर पर पहाड़ी संस्कृति को प्रमोट कर रहा है। इसके अलावा उनकी संस्था ने ‘पहाड़ी बॉस’, ‘मिस पहाड़न’ और उत्तराखंड, जम्मू व हिमाचल के ‘हिम सिने अवार्ड’ जैसे आयोजनों के साथ-साथ हिमाचल फिल्म पॉलिसी में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया है। इससे पहले भी उन्हें ‘इंडियन हीरोज अवार्ड’ और ‘हिमालयन श्री अवार्ड’ से नवाजा जा चुका है।

इस उपलब्धि पर डॉ. नरेश कुमार कौंडल ने ग्रीन हिल्स इंजीनियरिंग कॉलेज के चेयरमैन कृपाल सिंह पसरिचा, एसजेवीएन के निदेशक (कार्मिक) अजय शर्मा, अपने माता-पिता, पत्नी सीमा कौंडल, सभी मित्रों और चैनल के सदस्यों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि यह पुरस्कार केवल उनका नहीं, बल्कि पूरे ‘अपना कांगड़ा’ और समस्त पहाड़ी समाज का सम्मान है।

Photo of author

Hills Post

हम उन लोगों और विषयों के बारे में लिखने और आवाज़ बुलंद करने का प्रयास करते हैं जिन्हे मुख्यधारा के मीडिया में कम प्राथमिकता मिलती है ।

error: Not Allowed