पांवटा साहिब: अदालत में पेशी पर जा रहे भाई आपस में भिड़े, क्रॉस केस दर्ज

Photo of author

By पंकज जयसवाल

नाहन : पांवटा साहिब में भूमि विवाद को लेकर दो भाइयों के बीच कोर्ट जाने के दौरान रास्ते में कहासुनी और झड़प का मामला सामने आया है। दोनों पक्षों की ओर से पुलिस थाना पांवटा साहिब में एक-दूसरे के खिलाफ मामला दर्ज करवाया गया है। पुलिस ने दोनों शिकायतों के आधार पर क्रॉस केस दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है।

पहले मामले में जोगिंद्र सिंह (निवासी अजीवाला, पांवटा साहिब) ने शिकायत दर्ज करवाई है कि 24 सितंबर को अदालत में उनका भूमि विवाद से जुड़े मामले में बयान होना था। सुबह करीब 9:10 बजे जब वह अपनी कार (HP17H-0810) से कोर्ट जा रहे थे, तो बद्रीपुर में स्कॉलर होम स्कूल के पास आगे स्कूल बस रुकने के कारण उन्हें भी गाड़ी रोकनी पड़ी। इसी दौरान पीछे से मोटरसाइकिल पर उनका भाई जिंदर पाल और पिता गीता राम आए और बाइक उनकी कार के आगे लगा दी। आरोप है कि दोनों ने उन्हें कोर्ट जाने से रोका, जान से मारने की धमकी दी और कार का शीशा खोलने को कहा। जब शीशा नहीं खोला, तो जिंदर पाल ने कार के शीशे पर मुक्का मारा, जिसके बाद पीड़ित किसी तरह जान बचाकर वहां से निकला।

वहीं दूसरी ओर, जिंदर पाल (निवासी अजियावाला) ने भी पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है। उनका आरोप है कि 24 सितंबर को वह अपने पिता गीता राम के साथ बाइक पर पांवटा साहिब कोर्ट में पेशी के लिए जा रहे थे। रास्ते में उनके भाई जोगिंद्र सिंह ने अचानक अपनी कार (HP 17 H 0810) उनकी बाइक के आगे मोड़ दी, जिससे वे और उनके पिता दुर्घटना का शिकार होने से बाल-बाल बचे। जिंदर पाल का आरोप है कि भूमि विवाद के चलते जोगिंद्र पहले भी उनके और उनके परिवार के साथ इस तरह की हरकतें कर चुका है और भविष्य में भी किसी अप्रिय घटना को अंजाम दे सकता है।

SP सिरमौर निश्चित सिंह नेगी ने मामले की पुस्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर संबंधित धाराओं में क्रॉस मामला दर्ज कर लिया है और घटना की जांच जारी है।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।