पांवटा साहिब में ‘जायका’ परियोजना के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

Photo of author

By पंकज जयसवाल

नाहन : हिमाचल प्रदेश सरकार तथा JICA (जापान इंटरनेशनल कोऑपरेशन एजेंसी) के सहयोग से संचालित हिमाचल प्रदेश फसल विविधीकरण प्रोत्साहन परियोजना के अंतर्गत सिरमौर जिले के 5 चयनित विद्यालयों में विद्यार्थियों को प्राकृतिक खेती व कृषि विविधीकरण के प्रति जागरूक किया जा रहा है। BPMU कार्यालय नाहन के तत्वावधान में आयोजित इस परियोजना का संचालन ‘सेंटर फॉर टेक्नोलॉजी एंड एंटरप्रेन्योरशिप , जगदीशपुर-अमेठी (उ.प्र.) संस्था द्वारा किया जा रहा है।

इसी कड़ी में आज पीएम श्री राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, पांवटा साहिब में एक दिवसीय जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्रिंसिपल माया राम वर्मा ने की। इस अवसर पर विद्यालय की 50 छात्राओं ने बड़े उत्साह के साथ भाग लिया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को प्राकृतिक खेती, मशरूम उत्पादन, जलवायु अनुकूल खेती, कृषि में रोजगार व स्वरोजगार की संभावनाओं के साथ-साथ वर्मी कम्पोस्ट और पोषण वाटिका की स्थापना जैसे विषयों पर व्यावहारिक जानकारी दी गई। इस कार्यक्रम में नोडल अधिकारी अक्षय ठाकुर और प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर (जिला सिरमौर) अंकुश कंवर विशेष रूप से उपस्थित रहे।

आयोजकों ने बताया कि इस जागरूकता शिविर में भाग लेने वाली 50 छात्राओं में से उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली 5 श्रेष्ठ छात्राओं का चयन अगले चरण के लिए किया जाएगा। इन चयनित छात्राओं को आगे की विशेष गतिविधियों व प्रशिक्षण कार्यक्रमों में भाग लेने का अवसर मिलेगा। इस 7-दिवसीय जागरूकता अभियान के तहत विद्यार्थियों को प्राकृतिक खेती के महत्व और रासायनिक उर्वरकों के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक किया जा रहा है।

विद्यालय के प्रिंसिपल माया राम वर्मा और JICA परियोजना टीम ने सभी सहभागी छात्राओं का उत्साहवर्धन किया और उन्हें प्राकृतिक खेती व पर्यावरण संरक्षण का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के लिए प्रेरित किया।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।